May 16, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

रायगढ़ में महिला वकील की बेरहमी से हत्या से हड़कंप, जंगल में मिला अधनंगा शव; वकीलों का उबाल

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक जूनियर महिला वकील की बेरहमी से हत्या कर दी गई। उनका निर्वस्त्र शव पूंजीपथरा क्षेत्र के जंगल में झाड़ियों के बीच मिला था, जिसके चेहरे को पत्थरों से कुचला गया था ताकि पहचान न हो सके। इस नृशंस घटना के विरोध में रायगढ़ जिला अधिवक्ता संघ के सैकड़ों वकीलों ने पैदल मार्च निकाला और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वकील संघ ने कड़ा निर्णय लिया है कि कोई भी अधिवक्ता इस मामले के आरोपियों की पैरवी नहीं करेगा।

रायगढ़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने बताया कि 12 मई को पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के तुमीडीह गांव के जंगल में झाड़ियों के बीच एक महिला की लाश बरामद की गई थी। महिला के गले और गर्दन के पिछले हिस्से पर चोट के निशान पाए गए थे।
पत्थरों से कुचला चेहरा

अधिकारी ने बताया कि महिला के कपड़े शव के पास से बरामद किए गए। प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि हत्या किसी धारदार हथियार से की गई है। लाश की पहचान नहीं हो पाए इसके पत्थरों से चेहरा कुचल दिया गया था।
आराधना सिदार के रूप में हुई पहचान

पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार को मृतका की पहचान आराधना सिदार के रूप में हुई जो रायगढ़ जिला अदालत में जूनियर वकील थीं। पुलिस ने बताया कि महिला आदिवासी समाज से ताल्लुक रखती थीं। वह रायगढ़ में किराये के कमरे में रह रही थीं।
आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग, सौंपा ज्ञापन

वहीं जिला अधिवक्ता संघ ने घटना के विरोध में शोकसभा आयोजित की और जिला अदालत से पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला। सैकड़ों वकीलों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। संघ के अध्यक्ष लालमणि त्रिपाठी ने कहा कि एसोसिएशन का कोई भी वकील आरोपियों की पैरवी नहीं करेगा।
मृतका के परिजन बोले- पुलिस की जांच धीमी

उधर मृतका के परिजनों का कहना है कि पुलिस धीमी गति से जांच कर रही है। वारदात के चार दिन बाद भी कोई पकड़ा नहीं गया है। हालांकि पुलिस ने आरोपियों को जल्द कानून की गिरफ्त में लाने का भरोसा दिया है। पुलिस ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 101(3) और 238 के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने कहा कि कुछ संदिग्धों से पूछताछ हो रही है। अभी हत्या की वजह साफ नहीं है।