May 5, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

ईरान ने अमेरिकी युद्धपोत अब्राहम लिंकन पर दागी मिसाइलें, अमेरिका को दी कड़ी चेतावनी

तेहरान – ईरान और अमेरिका के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है। बुधवार को ईरानी सेना ने अमेरिकी युद्धपोत अब्राहम लिंकन पर क्रूज मिसाइलें दागने का दावा किया। इस हमले के बाद ईरान ने अमेरिका को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अमेरिकी युद्धपोत ईरान के करीब आता है, तो अधिक मिसाइलें दागी जाएंगी।

अमेरिकी युद्धपोत पर मिसाइल हमला

ईरान के सरकारी टीवी चैनल पर जारी बयान में बताया गया कि ईरानी नौसेना की कादर क्रूज मिसाइलें (जो जमीन से दागी जाती हैं और एंटी-शिप मिसाइलें हैं) ने अमेरिकी USS अब्राहम लिंकन को निशाना बनाया। इस हमले के बाद, ईरान का दावा था कि अमेरिकी युद्धपोत को अपनी स्थिति बदलने के लिए मजबूर होना पड़ा।

ईरानी नौसेना के प्रमुख एडमिरल शहरम ईरानी ने कहा कि अमेरिका के अब्राहम लिंकन कैरियर ग्रुप पर ईरानी मिसाइल प्रणालियों की रेंज में आने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि इस बेड़े की हरकतों पर लगातार नजर रखी जा रही है, और यदि यह ईरान के मिसाइल सिस्टम की सीमा में आता है, तो उसे और भी अधिक मिसाइल हमलों का सामना करना होगा।

सीधी चेतावनी

ईरानी नौसेना ने पहले ही अमेरिका को सीधी चेतावनी दी थी कि यदि USS अब्राहम लिंकन ईरान के क्षेत्रीय जल के करीब आता है, तो उसे निशाना बनाया जा सकता है। रियर एडमिरल शहरम ईरानी ने मीडिया में बयान देते हुए कहा कि इस युद्धपोत की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है, और यदि यह ईरानी मिसाइल प्रणालियों के दायरे में आता है, तो उस पर हमला किया जाएगा।

ट्रंप ने खींचे कदम

इससे पहले, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर हमला करने के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। लेकिन, बाद में उन्होंने इस आल्टीमेटम को वापस ले लिया, जिससे तनाव में कुछ कमी आई। यह कदम ईरान के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के कड़े विरोध के बाद उठाया गया था। इन अधिकारियों ने अमेरिका के कूटनीतिक प्रयासों को केवल एक दिखावा बताया था।

लेफ्टिनेंट कर्नल इब्राहिम जोलफागरी ने प्रेस टीवी को बताया, “अमेरिका द्वारा पहले जिस रणनीतिक शक्ति का प्रदर्शन किया जाता था, वह अब एक रणनीतिक हार में बदल गई है।” इस बयान के बाद, यह स्पष्ट हो गया कि ईरान अमेरिका के कूटनीतिक प्रयासों को नकारते हुए अपनी मजबूत सैन्य स्थिति बनाए रखेगा।