May 6, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

कलेक्टर लंगेह ने जन चौपाल में सुनीं लोगों की समस्याएं, त्वरित समाधान के दिए निर्देश

महासमुंद। जिला कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में आयोजित जन चौपाल में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिले भर से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जन चौपाल में आज कुल 72 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें पेयजल, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, श्रम, अतिक्रमण, कृषि और स्वच्छता जैसी मूलभूत विषयों से जुड़े मामले प्रमुख रहे। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि सभी आवेदनों पर प्राथमिकता के साथ कार्यवाही सुनिश्चित की जाए और नियमानुसार पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिया जाए। जन चौपाल के दौरान ग्राम पंचायत नर्रा के शेख फरीद ने पेयजल समस्या के समाधान के लिए नलकूप खनन की मांग रखते हुए आवेदन सौंपा। कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को स्थल परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्राम तेंदुकोना की कमला साहू ने आकस्मिक मृत्यु के प्रकरण में नियमानुसार मुआवजा राशि प्रदान करने की मांग की।

जिस पर संबंधित अधिकारियों को प्रकरण का परीक्षण कर शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने कहा गया। इसी क्रम में ग्राम मुढ़ेना के हेमलाल सिंह ने दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना का लाभ दिलाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने सामाजिक न्याय एवं कृषि विभाग को समन्वय कर पात्रता जांच के बाद लाभान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। वार्ड भानपुर, बागबाहरा निवासी संजय ध्रुव ने निजी भूमि पर अवैध अतिक्रमण और निर्माण पर रोक लगाने की मांग उठाई। इस मामले में राजस्व विभाग को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। ग्राम लभरा खुर्द के बलराम सेन ने श्रमिक पंजीयन कार्ड में संशोधन संबंधी आवेदन दिया, जिस पर श्रम विभाग को आवश्यक दस्तावेजों के परीक्षण के बाद सुधार करने कहा गया। ग्राम पंचायत बम्हनी के ग्रामवासियों ने अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने की मांग करते हुए सामूहिक आवेदन सौंपा।

कलेक्टर ने आबकारी विभाग और पुलिस प्रशासन को संयुक्त कार्रवाई कर स्थिति नियंत्रित करने के निर्देश दिए। ग्राम कोसरंगी के डोमन लाल साहू ने किसान सम्मान निधि की लंबित राशि दिलाने की गुहार लगाई। जबकि ग्राम चोरभट्टी के दिनेश यादव ने आकस्मिक मृत्यु प्रकरण में आर्थिक सहायता राशि की मांग रखी। दोनों मामलों में संबंधित विभागों को प्रकरणों का सत्यापन कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया। ग्राम घोड़ारी की फनिया ठाकुर ने शौचालय निर्माण और गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने हेतु आवेदन दिया, जिस पर स्वच्छ भारत मिशन और खाद्य विभाग को नियमानुसार लाभ प्रदान करने के निर्देश मिले। कलेक्टर लंगेह ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जन चौपाल में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने आवेदनों के निस्तारण में पारदर्शिता और संवेदनशीलता बनाए रखने पर जोर दिया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत नंदनवार सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। जन चौपाल में नागरिकों ने अपनी समस्याओं के प्रति प्रशासन की तत्परता पर संतोष व्यक्त किया।