May 6, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने पतंजलि योगपीठ में स्वामी रामदेव के साथ किया योगाभ्यास

हरिद्वार। हरिद्वार स्थित पतंजलि योगपीठ में आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने योगगुरु स्वामी रामदेव के सान्निध्य में योगाभ्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पतंजलि के कन्या गुरुकुल में संस्कार, साधना और आत्मबल से परिपूर्ण वातावरण ने मन को गहरी शांति और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हरिद्वार के भारत माता मंदिर में भी पहुंचे और भारत माता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।

योग आज वैश्विक जन-आंदोलन बना: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग आज केवल भारत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में यह भारत की प्राचीन जीवन पद्धति से निकलकर वैश्विक जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों और देशवासियों से अपील की कि वे योग को अपनी दैनिक जीवनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाएं और इसके माध्यम से स्वस्थ, संतुलित एवं ऊर्जावान जीवन की दिशा में कदम बढ़ाएं।उन्होंने कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करता है, बल्कि मानसिक शांति, आत्मबल और जीवन में संतुलन भी प्रदान करता है।