May 6, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

महानदी आरती में उमड़ा श्रद्धा का सागर, कलेक्टर ने भी डुबकी लगाई भक्ति में

महासमुंद। छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक नगरी सिरपुर में आयोजित तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव के पावन अवसर पर महानदी तट पर प्रतिदिन शाम 7ः30 बजे आयोजित की जा रही दिव्य महानदी आरती श्रद्धा, आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुपम संगम बन गई है। महोत्सव के दूसरे दिन इस भव्य धार्मिक आयोजन में महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह विशेष रूप से शामिल हुए और विधिवत पूजा-अर्चना कर दीप प्रज्वलन के साथ महानदी आरती संपन्न की।

इस अवसर पर वरिष्ठ जनप्रतिनिधि ओ.पी. चौधरी, सिरपुर गंधेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दाऊ लाल चंद्राकर, अपर कलेक्टर रवि साहू, एसडीएम बसना हरिशंकर पैकरा, डीएमसी रेखराज शर्मा, सरपंच सिरपुर पुष्पा के. माली सहित अनेक जनप्रतिनिधि, श्रद्धालु, पर्यटक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से महानदी के पावन तट पर आरती में सहभागिता कर आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त की। महानदी आरती के दौरान संपूर्ण वातावरण वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और मधुर भक्ति संगीत से भक्तिमय हो उठा। जैसे ही सैकड़ों दीप प्रज्वलित किए गए, महानदी की लहरों पर झिलमिलाती रोशनी ने अद्भुत दृश्य रच दिया। दीपों की आलोकित आभा, आरती की लयबद्ध ध्वनि और सामूहिक श्रद्धा भाव ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। कुछ क्षणों के लिए ऐसा प्रतीत हुआ मानो समय थम गया हो और हर मन शांति, भक्ति और दिव्यता में लीन हो गया हो।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने इस अवसर पर कहा कि सिरपुर केवल ऐतिहासिक धरोहर ही नहीं, बल्कि आध्यात्मिक चेतना का भी प्रमुख केंद्र है। सिरपुर महोत्सव के माध्यम से जहां एक ओर प्राचीन संस्कृति, कला और परंपराओं का संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार हो रहा है, वहीं महानदी आरती जैसे आयोजनों से आध्यात्मिक पर्यटन को भी नई दिशा मिल रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सांस्कृतिक एकता और आध्यात्मिक चेतना को सुदृढ़ करते हैं।

उल्लेखनीय है कि सिरपुर महोत्सव के दौरान देश-प्रदेश से आए पर्यटक एवं श्रद्धालु न केवल ऐतिहासिक मंदिरों, बौद्ध विहारों और पुरातात्विक स्थलों का भ्रमण कर रहे हैं, बल्कि महानदी आरती के माध्यम से आध्यात्मिक शांति का अनुभव भी कर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने भी इस आयोजन को सिरपुर की पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। समग्र रूप से देखा जाए तो सिरपुर महोत्सव के अंतर्गत आयोजित महानदी आरती न केवल धार्मिक आयोजन है, बल्कि यह सिरपुर की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत करने वाला एक दिव्य अनुभव बनकर उभर रही है।