मुंगेली। शासन के दिशा-निर्देशों के पालन में मुंगेली पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी और निर्णायक कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) की अध्यक्षता में जिले में जब्त की गई नशीली टेबलेट, ब्राउन शुगर और गांजा का विधिवत नष्टीकरण किया गया। इस कार्रवाई में कुल 20 लाख 54 हजार 857 रुपये मूल्य की नशीली सामग्री को नष्ट किया गया, जिसे जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। मुंगेली पुलिस द्वारा अभियान “पहल” के तहत लगातार जिलेभर में नशे की रोकथाम, तस्करी पर अंकुश और युवाओं को जागरूक करने के लिए प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के समस्त थाना और चौकियों द्वारा नशे के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 14 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ जब्त किए गए थे।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन 14 मामलों में 113.123 किलोग्राम सूखा गांजा, गांजा के 5 पौधे जिनका कुल वजन 2.444 किलोग्राम था, 1045 नग नशीली टेबलेट तथा 46 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की गई थी। जब्त किए गए इन नशीले पदार्थों की कुल बाजार कीमत लगभग 20 लाख 54 हजार 857 रुपये आंकी गई थी। शासन स्तर पर जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार जब्त नशीले पदार्थों के नष्टीकरण हेतु जिला स्तर पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस द्वारा सभी 14 प्रकरणों में नष्टीकरण की अनुमति माननीय न्यायालय से प्राप्त की गई। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए नष्टीकरण के लिए मुंगेली शहर से दूर दीपक इंडस्ट्रीज, स्टीज बामपारा स्थित प्लांट को चिन्हित किया गया। दिनांक 31 दिसंबर 2025 को पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल की उपस्थिति में जब्त की गई।
नशीली सामग्री को दीपक इंडस्ट्रीज के प्लांट भट्ठी में आग से जलाकर पूरी तरह नष्ट किया गया। नष्टीकरण के दौरान सभी प्रक्रियाओं का विधिवत पालन किया गया ताकि किसी भी प्रकार का पर्यावरणीय नुकसान न हो। पुलिस के अनुसार नष्ट की गई सामग्री में 113.123 किलोग्राम सूखा गांजा जिसकी कीमत 11 लाख 31 हजार 540 रुपये, 5 नग गांजा पौधे और 1045 नग नशीली टेबलेट जिनकी कीमत 3 हजार 317 रुपये, तथा 46 ग्राम ब्राउन शुगर जिसकी कीमत 9 लाख 20 हजार रुपये शामिल है। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, जिला आबकारी अधिकारी रविशंकर साय, निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, प्रधान आरक्षक पवन अनंत, आरक्षक वीरेन्द्र राजपूत, आकाश जायसवाल एवं पर्यावरण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने नशे के खिलाफ सख्त संदेश देते हुए कहा कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुंगेली पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे से दूर रहें और यदि कहीं भी नशीले पदार्थों की अवैध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। नशामुक्त समाज की दिशा में यह कार्रवाई एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

More Stories
La trayectoria de William Hill en el mercado español
La guida completa all’esperienza di gioco su Admiralbet
Esperienza e Innovazione su William Hill