June 10, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

SDM ने दो राइस मिलों से 27 हजार 200 बोरी धान जब्त किया

प्रशासन द्वारा लगातार कार्यवाही जारी है…

सरायपाली// अविनाश साहू :

सरायपाली में राजस्व विभाग और मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध धान भंडारण के एक बड़े मामले का खुलासा किया है।
टीम ने शहर स्थित समलेश्वरी राइस मिल एवं हिंदुस्तान एग्रो राइस मिल में एक साथ दबिश देकर गहन जांच की।

जांच के दौरान दोनों राइस मिलों में धान के भंडारण में भारी अनियमितता पाई गई.

दस्तावेजों के मिलान और भौतिक सत्यापन में स्टॉक पंजी, खरीदी रसीद एवं वास्तविक भंडारण में 38 हजार 586 का बड़ा अंतर सामने आया।

इसके बाद अधिकारियों ने मौके पर ही 27 हजार 200 बोरी धान जब्त करने की कार्रवाई की है जिसकी कीमत करोड़ों में है!

बताया जा रहा है कि जब्त धान का भंडारण नियमानुसार दर्ज नहीं था और प्रथम दृष्टया इसमें अवैध खरीदी व भंडारण की आशंका जताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान राजस्व, मंडी समिति और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

अनुविभागीय अधिकारी अनुपमा आनंद ने स्पष्ट किया है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित राइस मिल संचालकों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम एवं मंडी अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद इलाके के राइस मिल संचालकों में हड़कंप मच गया है, वहीं प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अवैध धान भंडारण और कालाबाजारी पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।