June 19, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

छत्तीसगढ़ में ठंड का डबल अटैक: शीतलहर और कोहरे ने बढ़ाई परेशानी, कई जिलों में अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बीते कुछ दिनों से कड़ाके की ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचने लगा है। ठंड के चलते सुबह-शाम लोगों को घरों से निकलने में परेशानी हो रही है, वहीं जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट दर्ज की जा सकती है। रायपुर में तापमान करीब 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है और आने वाले दिनों में ठंड और तेज होने की संभावना है।

उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में शीतलहर चलने के साथ-साथ सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने रायपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरबा, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर और बलरामपुर जिलों में एक-दो स्थानों पर घने कोहरे की चेतावनी दी है।

विशेषकर उत्तर-मध्य छत्तीसगढ़ के इलाकों में शीतलहर का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है। ठंड और कोहरे को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने, गर्म कपड़े पहनने और सुबह-शाम अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।