June 19, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

दिव्यांग महिला से छेड़छाड़ का मामला: ASI का कॉलर पकड़कर थाने ले गई पीड़िता

मुंबई: मुंबई से एक छेड़खानी का मामला सामने आया है. जहां आर्म्स डिवीजन में तैनात एक असिस्टेंट पुलिस सब-इंस्पेक्टर (ASI) ने दिव्यांग महिला से छेड़छाड़ की. महिला ने जब विरोध किया तो मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने भी दखल दिया. जिसके बाद एएसआई को गिरफ्तार कर लिया गया. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने एक न्यूज एजेंसी को दी.

अधिकारियों ने बताया कि लोकल आर्म्स डिवीजन में तैनात एक असिस्टेंट पुलिस सब-इंस्पेक्टर को दक्षिण मुंबई के एक बगीचे में एक दिव्यांग महिला के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. यह घटना सोमवार को मुंबई सेंट्रल रेलवे स्टेशन के पास तारदेव इलाके में नगर निगम के बगीचे में हुई.

पुलिस ने मंगलवार को बताया कि आरोपी पुलिसकर्मी एक महिला के साथ पार्क में बैठा था, तभी उसने गलत व्यवहार किया. शिकायतकर्ता ने इस पर आपत्ति जताई, जिसके बाद उस सार्वजनिक जगह पर मौजूद दूसरे लोगों ने दखल दिया. इसके बाद तारदेव पुलिस ने आरोपी पुलिसकर्मी को हिरासत में ले लिया.

आरोपी को कॉलर पकड़कर पुलिस स्टेशन ले जाते हुए एक वीडियो भी सामने आया है. यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रहा है. अधिकारियों के अनुसार मामले में भारतीय न्याय संहिता के तहत केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिसकर्मी घटना के वक्त ड्यूटी पर था. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.