June 24, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

पानी नहीं, केवल प्रचार – भाजपा पार्षदों की ढकोसला राजनीति बेनकाब-अज़ीम खान, रायपुर लोकसभा अध्यक्ष, AAP

रायपुर। आम आदमी पार्टी के रायपुर लोकसभा अध्यक्ष अज़ीम खान ने भाजपा को नौटंकी वाली पार्टी कहते हुए कहा कि मोवा के नागरिक आज बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। बच्चों से लेकर बुज़ुर्ग तक पानी के इंतज़ार में प्यासे बैठने को मजबूर हैं। लेकिन इस गंभीर स्थिति में भाजपा के पार्षद राजनीतिक ड्रामा और फोटोबाज़ी में मशगूल हैं।

प्रदेश उपाध्यक्ष नंदन सिंह ने कहा कि भाजपा पार्षदों द्वारा किया गया प्रदर्शन एक सोची-समझी नौटंकी है, जो केवल जनता को गुमराह करने और अपनी असफलताओं पर पर्दा डालने की कोशिश है। जब पूरे राज्य और केंद्र में भाजपा की सरकार है, तब पार्षदों का अपनी ही सरकार के खिलाफ निगम का घेराव करना सिर्फ जनता को मूर्ख समझने से कम नहीं।

हम भाजपा पार्षदों से पूछना चाहते हैं:

पानी क्यों नहीं आ रहा? जबकि आप सत्ता में हैं, फिर भी पानी की व्यवस्था तक नहीं कर पाए?

किस मुंह से प्रदर्शन कर रहे हो, जब आप खुद ज़िम्मेदार हो?

क्या भाजपा अब खुद के निगम के खिलाफ घेराव करने की नौटंकी कर रही है ?

रायपुर लोकसभा सचिव प्रदुमन शर्मा, रायपुर लोकसभा संगठन मंत्री सागर क्षीरसागर और रायपुर यूथ अध्यक्ष लक्ष्मण सेन ने कहा कि भाजपा पार्षदों ने पिछले वर्षों में नाली सफाई, पाइपलाइन मरम्मत, बोरिंग, और टंकी निर्माण के नाम पर करोड़ों रुपए का बंदरबांट किया है। न विकास हुआ, न व्यवस्था सुधरी। और अब जब जनता सवाल पूछ रही है, तो इन्होंने प्रदर्शन का ड्रामा शुरू कर दिया।

भाजपा का असली चेहरा सामने है:

विकास के नाम पर सिर्फ जुमले

समस्याओं के नाम पर सिर्फ दोषारोपण

समाधान के नाम पर सिर्फ निगम घेराव की नौटंकी

प्रदेश सचिव अनुषा जोसेफ़, प्रदेश सचिव संतोष कुशवाहा और रायपुर लोकसभा उपाध्यक्ष इमरान खान ने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता के साथ खड़ी है और ये मांग करती है कि:

1. जल संकट पर आपातकालीन योजना लागू की जाए।

2. भ्रष्ट पार्षदों और निकम्मे अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।

3. हर वार्ड में पीने के पानी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

जनता को अब भाजपा की सड़ी-गली राजनीति और झूठे वादों से छुटकारा चाहिए।