अस्पताल के बाहर मां रोते हुए बोली — बेटा उठ, उठ जा, उठ ना..
परिजन बोले- कोई डॉक्टर ड्यूटी पर नहीं था।
जबलपुर/दि बीबीसी लाइव :
जबलपुर में एक मां अपने 5 साल के बीमार बेटे को गोद में लेकर अस्पताल के बाहर बैठी रही, लेकिन ओपीडी के समय में भी कोई डॉक्टर नहीं था।
मां बार-बार बेटे से उठने का बोलती, बेटा उठ जा, उठ न बेटा, लेकिन इलाज न मिलने से बच्चे की मौत हो गई। मां उसे सीने से लगाए रोती बिलखती रही। इस घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें अस्पताल के बाहर महिला रोती- बिलखती दिख रही है। मां आखिर मां होती है। कोई इसका दर्द भला कैसे समझे।
मामला जबलपुर जिले के बरगी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का है। जहां मृत बच्चे के परिजनो का कहना है कि बच्चे को उल्टी-दस्त की शिकायत होने पर बुधवार सुबह 10 बजे अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टर नहीं मिले। परिजनों ने बच्चे की मौत के लिए अस्पताल प्रबंधन को जिम्मेदार बताया है।
इस मामले में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने बताया कि उन्होंने कलेक्टर से फोन पर बात किया है, जांच के निर्देश दिए हैं और रिपोर्ट मांगी है। दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
परिजन का दावा- दो घंटे से डॉक्टरों का इंतजार कर रहे —
बरगी से करीब 15 किलोमीटर दूर तिन्हेटा गांव के ऋषि को बुधवार सुबह उल्टी-दस्त की शिकायत हुई। बच्चे को उसके मामा पवन कुमार और परिजन सुबह करीब 10 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरगी ले गए। परिजन का आरोप है कि अस्पताल में बच्चे की मेडिकल जांच के लिए एक भी डॉक्टर नहीं था। एक नर्स ड्यूटी पर थी।
ऋषि की हालत बिगड़ती चली गई और उसकी अस्पताल में ही मौत हो गई।
अस्पताल परिसर में मां बेटे को सीने से लगाए रोती रही। यह दृश्य जिसने भी देखा, उसका कलेजा भर आया।
जिला सीएमएचओ जबलपुर दफ्तर से मिली जानकारी अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरगी में डॉ. लोकेश की ड्यूटी थी। वह बुधवार को अस्पताल में दोपहर 12 बजे पहुंचे। जबकि अस्पताल की ओपीडी सुबह 9 बजे शुरू होकर शाम 4 बजे खत्म होती है।
सूत्रों के मुताबिक डॉ. लोकेश ने अपने सीनियर्स को बताया कि परिवार में एक धार्मिक कार्यक्रम के कारण वे ड्यूटी पर देरी से पहुंचे थे।
मां अपने बच्चे को अस्पताल के बाहर गोद में लेकर बैठी थी। वह बार-बार उसे उठने का बोल रही थी, लेकिन बच्चे की मौत हो चुकी थी।
कलेक्टर —
जबलपुर कलेक्टर इलैयाराजा टी का कहना है कि बच्चे की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी। बच्चे को कोई भी गंभीर बीमारी नहीं थी। उसका एक पैर जल गया था, जिसका इलाज परिजन पिछले 10 दिन से स्थानीय स्तर पर करा रहे थे।
जले हुए पैर में इन्फेक्शन बढ़ गया था, जिसके इलाज के लिए उसे लेकर परिजन अस्पताल पहुंचे थे।
डॉ. लोकेश ने बच्चे को देखने के बाद मृत घोषित किया था। परिजन को भी बता दिया था कि बच्चे की मौत अस्पताल आने से पहले हो चुकी है।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का ट्वीट —
मध्यप्रदेश के जबलपुर के बरगी की यह तस्वीरें बेहद हृदय विदारक है। एक मासूम बालक स्वास्थ्य केन्द्र के बाहर अपनी मां की गोद में तड़प-तड़पकर दम तोड़ देता है क्योंकि ना उसे डॉक्टर मिल पाया , ना इलाज मिल पाया।

More Stories
कोयला लेवी स्कैम: IAS अधिकारी समीर विश्नोई की 20 करोड़ की संपत्ति जब्त, पत्नी के नाम पर किया था घोटाला!
दुर्ग में B.Ed छात्रा की हत्या: प्रेम संबंधों में तनाव से उठा खौफनाक कदम
कृषि अधिकारी ने पत्रकार और वकील से की मारपीट, VIDEO हुआ वायरल: पुलिस ने शुरू की जांच