June 17, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

इजरायल-ईरान के बीच बढ़ा तनाव: हमले की आशंका के बीच US ने उठाया बड़ा कदम, दूतावास खाली कराया

दुनिया में जंग का एक नया और बड़ा मोर्चा खुल सकता है। अमेरिकी अखबार न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार इजरायल कभी भी ईरान पर बड़ा हमला कर सकता है। यही नहीं आमतौर पर अमेरिका की मदद से ही सैन्य अभियान चलाने वाला इजरायल इस बार उसके बगैर ही इस हमले को अंजाम दे सकता है। यदि इजरायल की ओर से अटैक हुआ तो फिर मिडल ईस्ट में तनाव बढ़ सकता है। दरअसल डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की ओर से कोशिश है कि ईरान के साथ परमाणु डील कर ली जाए। ऐसे में यदि इजरायल ने ईरान पर हमला किया तो चीजें सुधरने की बजाय कहीं ज्यादा बिगड़ सकती हैं।

चिंता इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि अमेरिका ने इराक, बहरीन और कुवैत से अपने राजनयिकों को वापस बुलाना शुरू कर दिया है। मिडल ईस्ट के तीन देशों से अमेरिका का अपने डिप्लोमैट्स का वापस बुलाना भी चिंता की बात है। जानकारों को लगता है कि इजरायल के हमले के डर से ही अमेरिका ने अपने डिप्लोमैट्स को बुलाया है। यदि इजरायल ने हमला किया तो फिर ईरान भी पीछे नहीं हटेगा और करारा जवाब देने की कोशिश करेगा। अब तक यह जानकारी नहीं मिली है कि इजरायल का प्लान क्या है, लेकिन अमेरिकी सूत्रों का कहना है कि बेंजामिन नेतन्याहू पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।

नेतन्याहू से ट्रंप ने फोन पर की अपील, पर नहीं पिघला इजरायल

यहां तक कि पिछले दिनों डोनाल्ड ट्रंप ने नेतन्याहू से फोन पर लंबी बात भी की थी। सूत्रों के अनुसार इस वार्ता में डोनाल्ड ट्रंप ने नेतन्याहू से कहा था कि ईरान पर कोई हमला ना करें क्योंकि अमेरिका उसके साथ परमाणु डील करना चाहता है। दरअसल इजरायल का कहना है कि ईरान को किसी भी कीमत पर वह यूरेनियम का भंडार बढ़ाने की अनुमति नहीं देगा, जिससे परमाणु हथियार तैयार किए जा सकते हैं। इजरायल के हमले के रिस्क को लेकर कयास अमेरिका के कदम से तेज हैं। अमेरिका ने अपने दूतावासों से डिप्लोमैट्स तो वापस बुलाया है तो यह सामान्य नहीं है। इसके अलावा ट्रैवल एडवाइजरी भी जारी की गई है।