July 26, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

छत्तीसगढ़ में आकाशीय बिजली गिरने से 3 की मौत, तेज आंधी और बारिश का यलो अलर्ट…

रायपुर : छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। बीते दिन प्रदेश के कई इलाकों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश देखने को मिली। मौसम विभाग ने आज भी राज्य के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है। खासकर सरगुजा संभाग के सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में अगले 3 घंटों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, इन जिलों में सुबह 10:30 बजे तक अचानक तेज हवा (30-40 किमी/घंटा) और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। सरगुजा जिले के कुछ हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।

तापमान में आएगी गिरावट
मौसम वैज्ञानिकों ने अनुमान जताया है कि अगले 24 घंटों के भीतर उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। बुधवार को राजधानी रायपुर में सबसे अधिक तापमान 41.4°C दर्ज किया गया, जबकि दुर्ग में न्यूनतम तापमान 24.2°C रहा।

कई स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। दुर्ग और मनोरा में 2 मिमी, सन्ना, कुकरेल, भोपालपटनम और मर्री बंगला देवरी में 1 मिमी बारिश दर्ज हुई है।

आकाशीय बिजली ने ली तीन की जान
बलरामपुर जिले में बुधवार को आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हुआ। बिजली की चपेट में आकर पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में कई मवेशियों की भी जान चली गई। मौसम विभाग ने नागरिकों से सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।