April 27, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

कांवड़ियों ने मचाया उत्पात, तोड़ डाली पुलिस के लोगो वाली गाड़ी; VIDEO

मधुबन बापूधाम क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ मार्ग पर टक्कर मारने का आरोप लगाते हुए कांवड़ियों ने पुलिस का लोगो और फ्लैशर लाइट लगी गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ कर दी। गुस्साए कांवड़ियों ने चालक को बेरहमी से पीटते हुए कार को सड़क पर पलट दिया। सूचना मिलते ही अधिकारियों ने मौके पर जाकर कावड़ियों को शांत किया और यातायात सुचारू कराया। पुलिस के मुताबिक, जिस गाड़ी में तोड़फोड़ की गई है, वह निजी गाड़ी है। गाड़ी मालिक ने उसे विद्युत निगम के विजिलेंस विभाग में लगाया हुआ है।

कांवड़ियों की संख्या बढ़ने की चलते पुलिस ने दिल्ली-मेरठ मार्ग वन-वे किया हुआ है। मेरठ से दिल्ली की ओर जाने वाली लेन कांवड़ियों के लिए आरक्षित की हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह करीब पौने दस बजे पुलिस का लोगो, हूटर और फ्लैशर लाइट लगी बोलेरो कार कावड़ियों की लेन में आ गई और किसी कांवड़िए को टक्कर मार दी। घटना से गुस्साए कांवड़ियों ने चालक को गाड़ी से खींचकर उसके साथ जमकर मारपीट की और फिर लाठी-डंडों से कार पर हमला कर दिया।

इतना ही नहीं, गुस्साए कांवड़ियों ने कार को बीच सड़क पर पलट दिया। घटना की जानकारी लगते ही मधुबन बापूधाम थाना पुलिस और एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर कांवड़ियों को शांत किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद कांवड़िए शांत हुए, जिसके बाद यातायात सुचारू हो पाया।

निजी गाड़ी पर लगे थे पुलिस के लोगो
एसीपी कवि नगर अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि जिस गाड़ी में तोड़फोड़ की गई है, वह पुलिस की नहीं बल्कि मुरादनगर निवासी अवनीश त्यागी की गाड़ी है। घटना के वक्त अवनीश त्यागी ही गाड़ी चला रहा था। उस पर कांवड़ियों के लिए आरक्षित लेन में आकर टक्कर मारने का आरोप है। अवनीश त्यागी ने गाड़ी पर पुलिस का लोगो, हूटर और फ्लैशर लाइट आदि लगवाई हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अवनीश त्यागी ने विद्युत निगम के विजिलेंस विभाग में गाड़ी लगाई हुई है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के लोगो और फ्लैशर लाइट का अनाधिकृत इस्तेमाल मिलने पर गाड़ी मालिक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 

गाजियाबाद में तोड़े थे कार
बीते दिनों गाजियाबाद के रावली कट के पास एक कार की टक्कर से कांवड़िए की कांवड़ खंडित हो गई थी। इसके बाद गुस्से में कांवड़ियों ने कार पर हमला बोल दिया। कांवड़ियों ने लाठी से अटैक कर कार के परखचे उड़ा दिए। इस घटना के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कांवड़ियों ने कार चला रहे शख्स की भी खूब पिटाई की।