बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र में रविवार शाम को एक शख्स की हत्या हो गई। प्रेम विवाह के 19 साल बाद पहली बार ससुराल में बीमार सास को देखने आए जाकिर हुसैन की साले शाहिद अली ने सीने में चाकू घोंपकर जान ले ली।हजियापुर निवासी राशिद खान ने बताया कि भाई जाकिर खान ने वर्ष 2005 में मोहल्ले की बेबी से प्रेम विवाह किया था। बेबी का भाई शाहिद इसका विरोध कर रहा था। शादी के बाद से दोनों परिवारों में बोल-चाल और आवाजाही बंद थी। चार महीने से शाहिद की मां कब्बू बीमार हैं।
तब से उनकी भाभी बेबी कभीकभार मायके जाने लगीं।रविवार दोपहर बेबी ने जिद की तो जाकिर भी उसके साथ बीमार सास को देखने पहुंच गए। इस दौरान शाहिद ने जाकिर से लड़ाई शुरू कर दी। छत से चाकू लाकर उसने उसे जाकिर के सीने में घोंप दिया। जाकिर ने चाकू पकड़ने की कोशिश की तो उनका हाथ भी जख्मी हो गया। खून से लथपथ जाकिर नीचे गिर गए और शाहिद फरार हो गया। मौके पर ही जाकिर की मौत हो गई। बेबी की सूचना पर बारादरी पुलिस मौके पर पहुंची।मौके पर पहुंचकर इंस्पेक्टर बारादरी अमित पांडेय ने स्थानीय लोगों से बात की।
पता लगा कि बेबी की मां की तबीयत खराब होने के बाद दोनों परिवारों में बोलचाल शुरू हो गई थी। वह अस्पताल में भर्ती थीं तो जाकिर ने इलाज में काफी मदद की। दो दिन पहले उन्हें खून चढ़ाया गया था तो जाकिर ने ही दोस्तों की मदद से व्यवस्था कराई थी।जाकिर ने ससुराल जाने से मना भी किया था लेकिन बेबी ने कहा कि उन्हें जाना चाहिए। शुरू में बेबी ने यह भी आरोप लगाया कि शाहिद की पत्नी ने ही छत से चाकू लाकर उसे दिया और हमले के लिए उकसाया। हालांकि, प्रारंभिक जांच में इसकी पुष्टि नहीं हुई। एसपी सिटी राहुल भाटी ने बताया कि आरोपी शाहिद को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

More Stories
नेशनल लोक अदालत 9 मई को, लंबित मामलों का होगा समाधान: त्वरित न्याय के लिए एक महत्वपूर्ण कदम
महासमुंद जिले की बेटियों ने बोर्ड परीक्षा में लहराया परचम, प्रदेश की टॉप-टेन में 12वीं और 10वीं के छात्रों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
इंदौर: गाड़ी चलाते समय फोन का इस्तेमाल करने पर 118 ड्राइवरों पर जुर्माना, 72 के लाइसेंस रद्द