April 17, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

उन्हें मेरी जगह लेने दो…स्टोइनिस ने ऑस्ट्रेलिया के कॉन्ट्रैक्ट से बाहर होने पर तोड़ी चुप्पी

ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस ने आईपीएल 2024 के 39वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) में तूफानी सेंचुरी ठोकी। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) का हिस्सा स्टोइनिस ने 63 गेंदों में 13 चौकों और 6 छक्कों की बदौलत नाबाद 124 रन की पारी खेली। एलएसजी ने चेन्नई के मैदान पर 6 विकेट से धमाकेदार जीत हासिल की। लखनऊ ने 211 रन का विशाल टारगेट चेज किया। स्टोइनिस ने आईपीएल में पहली सेंचुरी जड़ने के बाद ऑस्ट्रेलिया टीम के कॉन्ट्रैक्ट से बाहर होने पर तुप्पी तोड़ी। बता दें कि पिछले महीने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने खिलाड़ियों की सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में स्टोइनिस को शामिल नहीं किया था।

स्टोइनिस को कॉन्ट्रैक्ट मिलने के बाद कोई खास गम नहीं है। वह इस बात से खुश हैं कि उनके देश के युवा खिलाड़ियों को मौके मिल रहे हैं। उन्होंने एलएसजी वर्सेस सीएसके मैच के बाद कहा, ”मेरे कोच (ऑस्ट्रेलिया के हेड हेड कोच एंड्रयू मैकडोनाल्ड) के साथ बहुत अच्छे संबंध हैं। मुझे कॉन्ट्रैक्ट नहीं मिल रहा, यह मुझे पहले ही पता चल गया था। मुझे लगता है कि युवा खिलाड़ियों का टीम में आना और उन्हें मेरी जगह देना बहुत अच्छा है। मुझे कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट से कोई दिक्कत नहीं।” हालांकि, 34 वर्षीय स्टोइनिस ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए अपना योगदान देने के लिए उत्सुक हैं। जून में वेस्टइंडीज और यूएसए में टी20 वर्ल्ड कप 2024 का आयोजन होना है।

उन्होंने कहा, ”लेकिन खेल के मोर्चे पर मैं स्पष्ट रूप से यह सुनिश्चित करना चाहूंगा कि वहां रहूं और अपना योगदान दूं। यह हमारे लिए और विशेष रूप से मेरे लिए इस प्रतियोगिता (आईपीएल) का होना बहुत भाग्यशाली है, यही कारण है कि मैं इसे इतना पसंद करता हूं।” गौरतलब है कि एलएसजी द्वारा सीएसके के खिलाफ पहले ओवर में क्विंटन डिकॉक (0) के आउट होने के बाद स्टोइनिस को तीसरे नंबर पर प्रमोट किया गया। उन्होंने कहा, ”जल्दी उतरना और पारी खेलना अच्छा है लेकिन मैं मध्यक्रम में सेटल हो चुका हू। इस प्रतियोगिता में मुझसे कई बेहतर ओपनिंग बल्लेबाज मौजूद हैं, इसलिए मैं उन्हें अपना काम करने दूंगा।”