April 17, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

इजरायली हमले में कई घर हुए नष्ट

बेरूत, दक्षिणी लेबनान के एक गांव पर इजरायली हवाई हमले में अमल आंदोलन के एक सदस्य की मौत हो गयी और दो अन्य घायल हो गये। लेबनानी सैन्य सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि यह मौत काफर किला के दक्षिण-पूर्वी गांव के केंद्र में एक घर पर छापे के दौरान हुई।
इजरायली सेना ने दक्षिणी लेबनान के आठ सीमावर्ती कस्बों और गांवों पर 12 हवाई हमले किये, जिसमें 15 घर पूरी तरह से नष्ट हो गये और 25 अन्य को भी नुकसान हुआ
इसके अलावा, फिलिस्तीनी इस्लामिक प्रतिरोध आंदोलन (हमास) की सैन्य शाखा लेबनान में अल-कसम ब्रिगेड ने दावा किया कि उसने 20 ग्रैड मिसाइलों के साथ ऊपरी गैलील क्षेत्र के पश्चिमी क्षेत्र में इजरायली ‘ शोमेरा’ बैरक पर बमबारी की।
उल्लेखनीय है कि आठ अक्टूबर, 2023 को लेबनान-इजरायल सीमा पर तनाव बढ़ गया, जिसके एक दिन पहले इजरायल पर हमास के हमले के साथ एकजुटता दिखाने के लिए हिज़बुल्लाह द्वारा इजरायल की ओर रॉकेट दागे गये थे। इसके बाद इजरायल ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दक्षिणपूर्वी लेबनान की ओर भारी तोपखाने से गोलीबारी की।
लेबनानी सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, हिजबुल्लाह और इजरायल के बीच टकराव में लेबनानी पक्ष के अब तक 433 लोग मारे गये हैं, जिनमें 277 हिजबुल्लाह सदस्य और 76 नागरिक शामिल हैं।