April 25, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

आज छत्तीसगढ़ में पीएम श्री योजना का शुभारंभ किया जाएगा

रायपुर. छत्तीसगढ़ में आज पीएम श्री योजना का शुभारंभ किया जाएगा।‌ आज शाम 5:30 बजे केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया पीएम श्री योजना की शुरुआत की जाएगी। यह कार्यक्रम राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में छात्रों के साथ प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल भी मौजूद रहेंगे। बता दे की राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत देशभर के 14500 सरकारी स्कूलों को पीएम श्री योजना के तहत जोड़ते हुए उन्हें अपग्रेड किया जाएगा। इस योजना से छत्तीसगढ़ के 211 स्कूल लाभान्वित होंगे। प्रदेश के 211 स्कूलों को प्रथम चरण में शामिल किया गया है। इसमें एलिमेंट्री स्तर पर 193 और सेकेंडरी स्तर पर 18 स्कूल शामिल है। इस योजना के तहत स्कूलों में डिजिटल क्लासरूम, स्थानीय उद्योग के साथ इंटर्नशिप की सुविधा और व्यावसायिक शिक्षा दी जाएगी।

आयकर के खिलाफ छत्तीसगढ़ कांग्रेस का प्रदर्शन

वहीं दूसरी खबर का जिक्र करें तो आज कांग्रेस पार्टी प्रदेश भर में प्रदर्शन करने जा रही है।  छत्तीसगढ़ में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में जिले के सभी आयकर दफ्तर के बाहर कांग्रेसी विरोध प्रदर्शन करने जा रहे हैं। कांग्रेस पार्टी के द्वारा छत्तीसगढ़ में यह विरोध प्रदर्शन आयकर विभाग के कांग्रेस और युवा कांग्रेस के अकाउंट को सीज करने के विरोध में किया जा रहा है। इससे पहले कांग्रेस पार्टी के नेताओं के द्वारा बीते 17 फरवरी को राजधानी रायपुर के महादेव घाट स्थित खारुन नदी में केंद्रीय मंत्री और प्रधानमंत्री का पुतला विसर्जन किया गया है।

मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री का आज का कार्यक्रम

आज छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दिल्ली दौरे से करीब 2 बजे लौटकर राजधानी रायपुर पहुंचेंगे। रायपुर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शाम 5 बजकर 30 मिनट पर रायपुर साइंस कॉलेज मैदान स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इसके अलावा अगर बात करें तो छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम अरुण साव आज बालोद और राजनांदगांव जिले के दौरे पर रहेंगे। डिप्टी सीएम अरुण साव दोपहर 2 बजे सड़क मार्ग से बालोद के लिए रवाना होंगे। जहां वह बालोद में यशवंत जैन के यहां श्रद्धांजलि बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 4 बजे राजनांदगांव के लिए निकलेंगे और राजनांदगांव में स्वदेशी मेला कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वह शाम 6 बजे राजधानी रायपुर के लिए वापस रवाना हो जाएंगे।