April 23, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

30,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास करेंगे मोदी

नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को जम्मू में 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ एवं शिलान्यास करेंगे, जिनमें से जम्मू- कश्मीर को शेष भारत से जोड़ने वाली उधमपुर बनिहाल रेल खंड का बनिहाल से संगलदान का करीब 48 किलोमीटर का हिस्सा शामिल है।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार श्री मोदी लगभग साढ़े 11 बजे जम्मू के मौलाना आज़ाद स्टेडियम में एक सार्वजनिक समारोह में 30,500 करोड़ रुपये से अधिक की जिन विकास परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे और जिनकी आधारशिला रखेंगे, उनमें स्वास्थ्य, शिक्षा, रेल, सड़क, विमानन, पेट्रोलियम, नागरिक बुनियादी ढांचे सहित कई क्षेत्रों से संबंधित परियोजनाएं शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री जम्मू-कश्मीर के करीब 1500 नए सरकारी कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र करेंगे। प्रधानमंत्री ‘विकसित भारत, विकसित जम्मू’ कार्यक्रम के तहत विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के साथ बातचीत भी करेंगे।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शिक्षा क्षेत्र को बड़ा बढ़ावा एक प्रमुख अंग होगा। देश भर में शिक्षा और कौशल बुनियादी ढांचे के उन्नयन और विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम में, प्रधानमंत्री लगभग 13 हजार 375 करोड़ रुपये की जिन परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे और जिनकी आधारशिला रखेंगे, उनमें भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) भिलाई, आईआईटी तिरूपति, आईआईटी जम्मू, भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी, डिजाइन एवं विनिर्माण संस्थान (आईआईआईटीडीएम) कांचीपुरम का स्थायी परिसर शामिल हैं। भारतीय कौशल संस्थान (आईआईएस) – उन्नत प्रौद्योगिकियों पर एक अग्रणी कौशल प्रशिक्षण संस्थान – कानपुर में स्थित है और केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के दो परिसर – देवप्रयाग (उत्तराखंड) और अगरतला (त्रिपुरा) में स्थापित किये गये हैं।
प्रधानमंत्री देश में तीन नए भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) यानी आईआईएम जम्मू, आईआईएम बोधगया और आईआईएम विशाखापत्तनम का उद्घाटन करेंगे। वह देश भर में केंद्रीय विद्यालय (केवी) के लिए 20 नए भवनों और 13 नए नवोदय विद्यालयों (एनवी) भवनों का भी उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री देश भर में पांच केंद्रीय विद्यालय परिसरों, एक नवोदय विद्यालय परिसर और नवोदय विद्यालयों के लिए पांच बहुउद्देशीय हॉल की आधारशिला भी रखेंगे। ये नवनिर्मित केवी और एनवी भवन देश भर के छात्रों की शैक्षिक आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे