भोपाल, मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ और उनके सांसद पुत्र नकुलनाथ के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की अटकलों के बीच आज श्री कमलनाथ के दिल्ली जाने की खबर सामने आई है।
श्री कमलनाथ के दिल्ली प्रवास के चलते अब इन अटकलों को और बल मिल गया है।
सूत्रों के अनुसार श्री कमलनाथ अपने पुत्र श्री नकुलनाथ के साथ पिछले कुछ दिन से छिंदवाड़ा में थे। इसी बीच आज वे हेलीकॉप्टर से भोपाल आए। इसके बाद अब उनके विशेष विमान से अपराह्न तक दिल्ली पहुंचने का कार्यक्रम है।
बताया जा रहा है कि श्री कमलनाथ, उनके पुत्र श्री नकुलनाथ अपने कई समर्थकों के साथ दिल्ली में भाजपा आलाकमान के समक्ष भाजपा अधिवेशन के बाद पार्टी की सदस्यता ले सकते हैं। हालांकि आधिकारिक तौर पर अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
इसी बीच प्रदेश कांग्रेस का कोई भी नेता इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहा है। सोशल मीडिया पर भी अभी तक किसी की ओर से इस संबंध में कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
वहीं सोशल मीडिया पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे इन खबरों पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
श्री सिंह ये कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि श्री कमलनाथ छिंदवाड़ा में है। उनकी (श्री सिंह की) कल रात उनसे (श्री कमलनाथ से) बात हुई है। जिस व्यक्ति ने अपने राजनैतिक जीवन की शुरुआत नेहरू-गांधी परिवार के साथ की थी, वे उस समय उनके साथ खड़े थे, जब पूरी जनता पार्टी की सरकार इंदिरा गांधी को जेल भेज रही थी। इसी क्रम में वे संवाददाताओं से कह रहे हैं कि आप कैसे उम्मीद कर सकते है कि वे कांग्रेस और इंदिरा-सोनिया के परिवार को छोड़कर जाएंगे।

More Stories
दुर्ग सरपंच पति हत्याकांड का 48 घंटे में खुलासा, 3 नाबालिग समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, लूट का विरोध पड़ा भारी
बेमेतरा जिला अस्पताल में मरीजों के दलिया में मिली इल्ली! पोषण आहार की गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल, जांच के आदेश
VW Canyon होटल को उपभोक्ता आयोग का बड़ा झटका, गहने चोरी मामले में ₹2.37 लाख मुआवजा देने का आदेश