August 5, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

विराट कोहली के इस अनचाहे रिकॉर्ड के एकदम करीब पहुंचे बाबर आजम

पाकिस्तान क्रिकेट टीम में आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 के बाद बहुत सारे बदलाव हुए, लेकिन टीम के प्रदर्शन में ज्यादा कुछ फर्क नहीं पड़ा है। बाबर आजम ने हर फॉर्मेट से कप्तानी छोड़ी, शान मसूद टेस्ट कप्तान बनाए गए, जबकि शाहीन शाह अफरीदी टी20 इंटरनेशनल टीम के अगुवा बने। ऑस्ट्रेलिया में पाकिस्तान को तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 0-3 से क्लीनस्वीप झेलना पड़ा और अब न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में पाकिस्तान 0-3 से पिछड़ रहा है। टीम डायरेक्टर बदला गया, कोच बदला गया लेकिन रिजल्ट फिलहाल वही कुछ है। इस सीरीज के दौरान बाबर आजम के बैटिंग ऑर्डर में भी बदलाव किया गया। बाबर आजम ने पारी का आगाज करने की बजाय तीसरे नंबर पर बैटिंग की और तीनों मैचों में पचासा ठोका है। बाबर आजम ने इस दौरान एक अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

टी20 इंटरनेशनल मैच में टीम की हार में सबसे ज्यादा पचासा ठोकने का वर्ल्ड रिकॉर्ड फिलहाल विराट कोहली के नाम दर्ज है। विराट ने 11 बार ऐसी फिफ्टी ठोकी है, जिसमें टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा है। वहीं बाबर आजम की बात करें तो उनका यह 10वां टी20 इंटरनेशनल पचासा था, जिसमें पाकिस्तान को हार का सामना करना पड़ा है। इस लिस्ट में इसके बाद संयुक्त रूप से पांच बल्लेबाज हैं। फैफ डुप्लेसी, निकोलस पूरन, शाकिब अल हसन, डेविड वॉर्नर और केन विलियमसन ने आठ-आठ बार ऐसे पचासा ठोके हैं, जिसमें उनकी टीम को हार का सामना करना पड़ा हो।

मैच की बात करें तो न्यूजीलैंड ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 224 रन बनाए। फिन एलेन ने 62 गेंदों पर 137 रन ठोक डाले और अकेले दम पर पाकिस्तानी बॉलिंग अटैक की धज्जियां उड़ा डाली। हारिस राउफ ने चार ओवर में 60 रन खर्चे। जवाब में पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 179 रन ही बना पाई। न्यूजीलैंड ने सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है।