ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (एससीजी) पर अपने करियर का आखिरी टेस्ट मैच खेल रहे हैं। वॉर्नर ने पिछले साल ही घोषणा कर दी थी कि पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज उनके करियर की आखिरी टेस्ट सीरीज होगी, जिसका आखिरी टेस्ट मैच एससीजी पर जारी है। इस टेस्ट मैच से ठीक पहले वॉर्नर ने कहा था कि उनकी बैगी ग्रीन कैप (टेस्ट) कैप खो गई है, जिसको लेकर उन्होंने एक वीडियो भी पोस्ट किया था, जो काफी वायरल हुआ था। वॉर्नर की खोई हुई टेस्ट कैप अब उन्हें वापस मिल गई है। उन्होंने खुद शुक्रवार को बताया कि उनकी बैगी ग्रीन उन्हें वापस मिल गई है।
वॉर्नर ने शुक्रवार सुबह सोशल मीडिया पर अपने असली बैगी ग्रीन को पकड़े हुए एक वीडियो पोस्ट किया और इसे ढूंढने के लिए इसमें शामिल लोगों को धन्यवाद दिया। उन्होंने वीडियो के साथ लिखा, ‘नमस्कार, आप सभी को यह बताते हुए मुझे बहुत खुशी और राहत महसूस हो रही है कि मेरी बैगी ग्रीन मिल गई है, जो बहुत अच्छी खबर है।’ उन्होंने कहा, ‘इसमें शामिल सभी लोगों को धन्यवाद और मैं बेहद आभारी हूं। क्वांटास, माल ढुलाई कंपनी, हमारे होटल और टीम मैनेजमेंट। आपको धन्यवाद।’
वीडियो में उन्होंने कहा, ‘कोई भी क्रिकेटर जानता है कि उनकी टेस्ट कैप कितनी खास है और मैं इसे जीवन भर संजो कर रखूंगा।’ क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के प्रवक्ता ने बताया कि जिस बैग में बैगी ग्रीन रखा था वह टीम होटल (सिडनी में) में पाया गया जिसमें सारा सामान था। हालांकि यह उन्हें कैसे मिला यह अब भी एक रहस्य है। उन्होंने कहा कि काफी खोज और कई स्थानों पर सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा और मंगलवार से कई पक्षों के कोशिशों के बावजूद नहीं पता चला कि लापता बैग वहां कैसे पहुंचा। गौरतलब है कि इस सप्ताह की शुरुआत में मेलबर्न से सिडनी के सफर के दौरान वॉर्नर का बैग गायब हो गया था जिसमें बैगी ग्रीन थी।

More Stories
शेख हसीना के दिल्ली से संबोधन पर बांग्लादेश की आपत्ति, भारत से कहा- ‘भगोड़े अपराधी’ को राजनीतिक मंच न दें
गुजरात में चांदीपुरा वायरस का कहर! 22 बच्चों की मौत, सरकार ने सभी अस्पतालों को ICU और वेंटिलेटर तैयार रखने के दिए आदेश
भारत-नेपाल सीमा पर बढ़ा तनाव! सुस्ता में बांध तोड़ने के आरोप से दोनों देशों के रिश्तों में फिर आई तल्खी