June 10, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 22 साल बाद होगा महामुकाबला, अधिसूचना जारी

कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव पर सबकी नजर बनी हुई है. चुनाव के लिए गुरुवार को अधिसूचना जारी कर दी गयी है. इसके साथ ही देश की सबसे पुरानी पार्टी के सर्वोच्च पद पर आसीन होने वाले व्यक्ति को चुनने की प्रक्रिया औपचारिक रूप से आरंभ हो गयी है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मधुसूदन मिस्त्री की अध्यक्षता वाले केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण की ओर से यह अधिसूचना जारी करने का काम किया गया है. कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए घोषित कार्यक्रम के अनुसार, अधिसूचना जारी होने के बाद अब नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 24 से 30 सितंबर तक चलेगी. नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि आठ अक्टूबर है. एक से अधिक उम्मीदवार होने पर 17 अक्टूबर को मतदान होगा और चुनाव के परिणाम 19 अक्टूबर को घोषित किये जाएंगे.

अधिसूचना जारी होने से एक दिन पहले बुधवार को गहमा-गहमी नजर आयी. राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पार्टी के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने चुनावी समर में उतरने का स्पष्ट संकेत दे दिया है. इसके बाद यह संभावना प्रबल हो गयी है कि 22 साल बाद देश की सबसे पुरानी पार्टी का प्रमुख चुनाव के जरिये चुना जाएगा.