July 26, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

मुस्लिम जोड़े ने हिंदू मंदिर में किया निकाह, RSS-VHP के लोग बने गवाह

आज जहां देश में जरा-जरा सी बात पर हिन्दू-मुसलमानों के बीच तनाव बढ़ जाता है। ऐसे में समाज को धार्मिक सद्भाव का संदेश देने के लिए रविवार को शिमला जिले के रामपुर में एक हिंदू मंदिर परिसर में एक मुस्लिम जोड़े की शादी इस्लामिक रीति-रिवाजों के अनुसार की गई।

विश्व हिंदू परिषद द्वारा संचालित ठाकुर सत्यनारायण मंदिर परिसर में हुई इस शादी में मुस्लिम और हिंदू समुदाय के लोग एक साथ खड़े नजर आए और मंदिर में मुस्लिम जोड़े की शादी के साक्षी बने। निकाह की रस्म मंदिर परिसर में मौलवी, गवाहों और एक वकील की मौजूदगी में संपन्न हुई। मंदिर परिसर में इस शादी को कराने का मकसद लोगों में धार्मिक सद्भाव और भाईचारे का संदेश फैलाना है।

मंदिर में हैं संघ का जिला कार्यालय

उल्लेखनीय है कि सत्यनारायण मंदिर परिसर विश्व हिंदू परिषद और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का जिला कार्यालय है। ठाकुर सत्यनारायण मंदिर ट्रस्ट रामपुर के महासचिव विनय शर्मा ने बताया, “मंदिर में विश्व हिंदू परिषद और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला कार्यालय चलते हैं। विश्व हिंदू परिषद और आरएसएस पर अक्सर मुस्लिम विरोधी होने का आरोप लगाया जाता है, लेकिन यहां हिंदू मंदिर परिसर में एक मुस्लिम जोड़े ने शादी कर की है, यह अपने आप में एक मिसाल है कि सनातन धर्म हमेशा सबको साथ लेकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।”

दुल्हन के पिता महेंद्र सिंह मलिक ने कहा, ”उनकी बेटी की शादी रामपुर के सत्यनारायण मंदिर परिसर में हुई है। शहर के लोगों के साथ ही चाहे विश्व हिंदू परिषद हो या मंदिर ट्रस्ट इस शादी के आयोजन में सहयोग कर सकारात्मक और सक्रिय नेतृत्व किया है। इससे रामपुर की जनता ने लोगों के बीच भाईचारे का संदेश दिया है। उन्होंने आगे कहा कि हमें एक-दूसरे को गुमराह नहीं करना चाहिए ताकि आपसी भाईचारा खराब हो जाए। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी एम.टेक सिविल इंजीनियर और गोल्ड मेडलिस्ट है और उनका दामाद सिविल इंजीनियर है।