June 21, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

सिपाही ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या, मचा हड़कंप

बलरामपुर से बड़ी खबर सामने आई है। यहां एसपी आवास पर तैनात एक सिपाही ने सोमवार की देर रात खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। बताया जा रहा है कि सिपाही ने सुबह तकरीबन 3 बजे खुद को गोली मार ली है। इसकी सूचना मिलते ही महकमे में हड़कंप मच गया है। सिपाही के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

आत्महत्या की वजह का पता लगा रही पुलिस

पुलिस अधिकारी मामले की जांच की बात कर रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर निवासी अभिषेक यादव साल 2020 बैच के सिपाही थे। वह पुलिस लाइन में तैनात थे। सोमवार की रात 12 से तीन बजे के बीच उनकी ड्यूटी एसपी आवास पर संतरी के लिए लगाई गई थी। रात में वह नियत समय पर ड्यूटी पर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने सरकारी असलहे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

अकेले रह रहा था सिपाही

वहीं, रात में तीन बजे जब दूसरा सिपाही ड्यूटी करने के लिए वहां पहुंचा, तो सिपाही अभिषेक यादव को खून से लथपथ देख उसके होश फाख्ता हो गए। उसने आनन-फानन में आला अफसरों को मामले की जानकारी दी। एसपी केशव कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है।

वहीं, एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव ने बताया कि अभिषेक यहां अकेला ही रहता था। परिवार को जानकारी दी गई है। साथी पुलिस कर्मियों से भी जानकारी की जा रही है। सीओ दरवेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस पूरी घटना का कारण पता लगाने में जुटी है।