भोपाल, मध्यप्रदेश में जन्मे जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री शरद यादव के निधन पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित अनेक नेताओं ने शोक संवेदना व्यक्त किया है।
श्री कमलनाथ ने अपने ट्वीट के माध्यम से कहा कि समाजवादी आंदोलन के पुरोधा, पूर्व केंद्रीय मंत्री और सार्वजनिक जीवन में मेरे साथी रहे श्री शरद यादव का निधन सामाजिक न्याय के युद्ध की अपूरणीय क्षति है। वे उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और उनके परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।
पूर्व मुख्यमंत्री श्री सिंह ने ट्वीट कर श्री यादव के निधन पर शोक जताया और कहा कि प्रखर समाजवादी नेता शरद यादव के निधन की खबर अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। वे संवेदनशील जननेता व नेकदिल इंसान थे। उनका सारा जीवन जनता की भलाई के लिए गया। मैं दुख की इस घड़ी में उनके परिजनों के साथ खड़ा हूँ। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे। विनम्र श्रद्धांजलि।
पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरुण यादव ने ट्वीट कर कहा कि पूज्य बाबूजी के साथी, जनता दल यूनाइटेड के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव के निधन की खबर दुःखद एवं पीड़ादायक है, ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे एवं शोकाकुल परिवार को दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करे।
मध्यप्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष के के मिश्रा ने ट्वीट किया कि छात्र आंदोलनों के दौरान हमारे साथ जेल रहे समाजवादी चिंतक, सिद्धांतों के आगे कभी न झुकने वाले, मध्यप्रदेश में जन्म लेकर राष्ट्रीय राजनीति में निरंतर स्थापित रहे आदरणीय शरद यादव का निधन मूल्यों की अपूरणीय क्षति है। उन्हें सादर नमन।
श्री शरद यादव का जन्म मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम (होशंगाबाद) जिले के बाबई तहसील स्थित अखमऊ गांव में हुआ था और यहीं उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

More Stories
विश्व रक्तदाता दिवस 2026: सिर्फ 1 यूनिट रक्त बचा सकती है 3 जिंदगियां, जानिए रक्तदान क्यों है सबसे बड़ा महादान
NEET UG 2026 री-एग्जाम की तारीख घोषित! 21 जून को रायगढ़ के 8 केंद्रों में होगी परीक्षा, प्रशासन अलर्ट मोड पर
रायपुर दुष्कर्म केस में बड़ा खुलासा! ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली के आरोप में 2 और गिरफ्तार, जांच में चौंकाने वाले तथ्य आए सामने