September 4, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

रायपुर में जन्माष्टमी की भव्य तैयारी, 101 किलो दूध से अभिषेक और दही हांडी में दिखेगा गोविंदाओं का दम

रायपुर। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी को लेकर राजधानी रायपुर में उत्साह का माहौल है। शहर के प्रमुख मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन, झांकियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं, चौक-चौराहों पर दही हांडी प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। इन आयोजनों में गोविंदाओं की टोलियां मटकी फोड़कर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की खुशी मनाएंगी।

जन्माष्टमी के अवसर पर राजधानी के मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने की संभावना है। कई मंदिरों में दूध से अभिषेक, विशेष श्रृंगार, भोग, आरती और प्रसाद वितरण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही मंदिरों में विशेष पूजा और उत्सव का आयोजन होगा।

समता कॉलोनी में 101 किलो दूध से होगा अभिषेक

समता कॉलोनी स्थित राधाकृष्ण मंदिर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। यहां सुबह 7 बजे भगवान श्रीकृष्ण का 101 किलो दूध से अभिषेक किया जाएगा। इसके बाद भगवान का विशेष श्रृंगार किया जाएगा, जो भक्तों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा।

मंदिर में सुबह 9 बजे से श्रीकृष्ण की झांकी के दर्शन शुरू होंगे। श्रद्धालु भगवान के बाल स्वरूप और आकर्षक सजावट के दर्शन कर सकेंगे। वहीं, अर्धरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा।

इसके अलावा 5 सितंबर को दोपहर 2 बजे से रानी सती दादी का मंगल पाठ भी आयोजित किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।

बांके बिहारी मंदिर में भजन संध्या का आयोजन

नयापारा स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर ट्रस्ट में भी शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव विशेष धार्मिक कार्यक्रमों के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे से 10 बजे तक दूध अभिषेक के साथ होगी।

इसके बाद सुबह 11:30 बजे भगवान के विशेष श्रृंगार दर्शन होंगे। दोपहर 3 बजे से भजन प्रस्तुति का आयोजन किया जाएगा। वहीं, शाम 7 बजे से भजन संध्या होगी।

भजन संध्या में भजन सम्राट कैलाश सोनी और उनकी टीम भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति से जुड़े भजनों की प्रस्तुति देंगे। इस दौरान मंदिर परिसर भक्तिरस से सराबोर रहेगा।

सुहागा मंदिर में रात 12 बजे तक धार्मिक कार्यक्रम

ब्राह्मणपारा स्थित श्री राधाकृष्ण स्वामी मुरली मनोहर सुहागा मंदिर में भी जन्माष्टमी महोत्सव को लेकर विशेष आयोजन किया जाएगा। शुक्रवार को रात 8 बजे से मध्यरात्रि 12 बजे तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।

मंदिर में भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना और भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से जुड़े कार्यक्रम होंगे। मंदिर ट्रस्ट कमेटी के अध्यक्ष ज्ञानेश शर्मा, प्रदीप तिवारी, अधिवक्ता भूपेंद्र शर्मा, हरीश मिश्रा और संजय दीवान ने आयोजन की जानकारी दी।

जवाहर नगर में 501 लीटर दूध से दुग्धाभिषेक

जवाहर नगर स्थित प्राचीन श्री शिव मंदिर परिसर के श्री राधाकृष्ण मंदिर में भी जन्माष्टमी पर विशेष पूजा की जाएगी। यहां सुबह 8:30 बजे वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भगवान श्री जुगलजोड़ी सरकार का 501 लीटर दूध से दुग्धाभिषेक किया जाएगा।

इस दौरान मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन चलता रहेगा। सुबह 10:45 बजे भगवान को भोग अर्पित किया जाएगा। इसके बाद सुबह 11 बजे आरती होगी और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।

5 सितंबर को होगा नंदोत्सव

श्री राधाकृष्ण मंदिर में 5 सितंबर को नंदोत्सव का आयोजन किया जाएगा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के अगले दिन मनाए जाने वाले इस उत्सव में भक्त भगवान के बाल स्वरूप की पूजा करेंगे। मंदिरों में विशेष सजावट, भजन और प्रसाद वितरण के साथ नंदोत्सव मनाया जाएगा।

दही हांडी प्रतियोगिताओं को लेकर उत्साह

जन्माष्टमी पर राजधानी के कई चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर दही हांडी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। गोविंदाओं की टोलियां मानव पिरामिड बनाकर ऊंचाई पर टांगी गई हांडी फोड़ेंगी।

इन प्रतियोगिताओं में युवाओं और बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिलता है। आयोजकों की ओर से सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं। शहर में जन्माष्टमी के दौरान धार्मिक आस्था के साथ उत्सव और उमंग का माहौल नजर आएगा।