August 20, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

118 घरेलू उड़ानें हुईं प्रभावित, कोहरे से थमी रेल की रफ्तार, 276 ट्रेनें कैंसिल

नई दिल्ली. उत्तर से दक्षिण तक भारत तेज ठंड में ठिठुर रहा है। साथ ही घना कोहरा भी मुश्किलें बढ़ा रहा है। इसके चलते यातायात भी खासा प्रभावित हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर पश्चिम और पूर्वी हिस्सों में कोहरे की स्थिति को देखते हुए सावधान रहने की सलाह दी है। रविवार को मौसम विभाग ने बताया था कि 48 घंटों के बाद ठंड से कुछ राहत के आसार हैं।

फिलहाल, कोहरे की मार से सड़क से हवाई यात्रा तक सबकुछ प्रभाावित हुआ है। नेशनल ट्रेन इंक्वारी सिस्टम के अनुसार, 9 जनवरी को शुरू होने वाली 276 ट्रेनें रद्द हुई हैं।

दिल्ली एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने जानकारी दी है कि मौसम के ताजा हाल को देखते हुए करीब 15 उड़ानों में देरी हुई है। हाल ही में शारजाह से दिल्ली आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की 3 फ्लाइट्स का मार्ग परिवर्तन कर राजस्थान के जयपुर किया गया है। इसके अलावा दिल्ली से रवाना होने वाली 118 घरेलू उड़ानें भी खराब मौसम के चलते देरी से चल रही हैं।

कोहरे का कहर
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब कोहरे से सबसे ज्यादा प्रभावित रहा। बठिंडा में विजिविलिटी शून्य रही। इसके अलावा अमृतसर में विजिविलिटी 25, अंबाला में 25, हिसार में 50, आगरा में शून्य, वाराणसी में 25 और बरेली में आंकड़ा 50 पर रही। बिहार के भागलपुर, पूर्णिया और गया में विजिबिलिटी बेहद कम रही।

दिल्ली की सर्दी अब लोगों की आवाजाही पर गहरा असर डालने लगी है। मौसम खराब होने के चलते स्कूलों को 15 जनवरी तक के लिए दिल्ली सरकार ने बंद रखने का आदेश जारी कर दिया है। इसके अलावा उड़ानों से लेकर ट्रैफिक तक इसका असर दिख रहा है और लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को सुबह टहलने के लिए निकले लोगों ने बताया कि विजिबिलिटी इतनी कम थी कि उन्हें दौड़ने में भी डर लग रहा था कि कहीं किसी चीज से टकरा न जाएं। यही नहीं करीब 9 बजे तक इतना कोहरा रहा कि सड़कों पर गाड़ियां रेंगती रहीं और सुबह से ही जाम के हालात बन गए। 

पार्किंग लाइट्स जलाए बिना गाड़ी चलाना मुश्किल था। कोहरे का सबसे ज्यादा असर उड़ानों पर दिखा है। दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट से उड़ान भरने वालीं 118 फ्लाइट्स आज लेट हैं। इसके अलावा 32 फ्लाइट्स की लैंडिंग देर से हो पाई। दृश्यता कम होने के चलते तीन फ्लाइट्स को दिल्ली की बजाय जयपुर के लिए डाइवर्ट कर दिया गया। इनमें एयर इंडिया की शारजाह से दिल्ली आ रही फ्लाइट शामिल हैं। इसके अलावा स्पाइस जेट की अहमदाबाद से दिल्ली और पुणे से दिल्ली आने वाली उड़ानों को भी जयपुर में ही लैंड कराया गया है। दिल्ली एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।