बलौदाबाजार-भाटापारा। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। पिछले 24 घंटे से जारी बारिश के चलते महानदी, शिवनाथ नदी और कई छोटे-बड़े नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने सभी अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं और नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है।
अमेठी घाट पर खतरे के निशान से ऊपर पहुंचा पानी
पलारी तहसील के अमेठी घाट में महानदी का जलस्तर खतरे के निशान से लगभग 4 से 5 फीट ऊपर पहुंच गया है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन अमेठी एनीकट पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया है।
लोगों की सुरक्षा के लिए एनीकट के दोनों ओर बैरिकेडिंग लगाई गई है। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि ग्रामीणों को सतर्क करने के लिए कोटवारों की भी ड्यूटी लगाई गई है। प्रशासन लगातार लोगों को नदी पार न करने की समझाइश दे रहा है।
प्रशासन हाई अलर्ट पर
संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बाढ़ आपदा प्रबंधन दल, होमगार्ड और रेस्क्यू टीम को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
जिला प्रशासन निचले इलाकों और जलभराव वाले क्षेत्रों की लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा और राहत व्यवस्था भी की जाएगी।
लोगों से की गई यह अपील
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी स्थिति में नदी, नाले, पुल या एनीकट को पार करने का प्रयास न करें। जलस्तर बढ़ने पर नदी में उतरना जानलेवा साबित हो सकता है।
प्रशासन की प्रमुख अपीलें:
- नदी, नाले और एनीकट पार करने का प्रयास न करें।
- जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें।
- बच्चों को नदी और नालों के आसपास न जाने दें।
- अफवाहों पर ध्यान न दें।
- केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचना पर भरोसा करें।
- किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तुरंत स्थानीय प्रशासन को दें।
अगले 24 घंटे अहम
मौसम विभाग की संभावना को देखते हुए यदि बारिश का सिलसिला जारी रहता है तो महानदी और अन्य जल स्रोतों का जलस्तर और बढ़ सकता है। ऐसे में निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ का खतरा बढ़ने की आशंका बनी हुई है।
फिलहाल प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और हालात पर लगातार नजर रखे हुए है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन के निर्देशों का पालन कर अपनी तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

More Stories
सहकारिता में बड़ा बदलाव: केदार कश्यप ने दिए डिजिटल बैंकिंग विस्तार और किसानों को मजबूत बनाने के निर्देश
भोरमदेव धाम पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भगवान भोलेनाथ से मांगा छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि का आशीर्वाद
कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक, दिए आवश्यक निर्देश