खान सर के फायरिंग केस में सरेंडर पर सस्पेंस बरकरार है। उनके वकील पटना सिविल कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर करने की तैयारी कर रहे हैं। आर्म्स ऐक्ट और हत्या की कोशिश की धाराओं में केस दर्ज होने के बाद उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए थे। खान ग्लोबल स्टडीज सेंटर के बाहर हुई फायरिंग मामले की एफआईआर में पटना पुलिस ने खान सर को नामजद किया हुआ है। पटना पुलिस ने रात भर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की, लेकिन उनका कोई अता-पता नहीं था। फिलहाल पटना कोर्ट में भारी सुरक्षाबल तैनात है।
बिहार पुलिस सिपाही भर्ती का रिजल्ट आने के बाद खान सर का अपने प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान ज्ञान बिंदु एकेडमी से विवाद हुआ था। मंगलवार देर रात को खान सर के कोचिंग सेंटर पर तोड़फोड़ और पथराव हुआ था। उस मामले में ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद समेत 3 को गिरफ्तार किया गया। अगले दिन ज्ञान बिंदु ने उसी रात का एक वीडियो जारी किया, जिसमें खान सर के दो बॉडीगार्ड हवा में फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने वीडियो की सत्यता जांच कर दोनों गार्ड को गिरफ्तार कर लिया। अब खान सर के भी इसी मामले में जेल जाने का खतरा मंडरा रहा है।
खान सर का असली नाम क्या है ?
खान सर मूलरूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया के रहने वाले हैं। उनका असली नाम फैजल खान है। लंबे समय से वह पटना में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को पढ़ाते हैं। उनके कोचिंग सेंटर का नाम खान ग्लोबल स्टडीज एकेडमी है।
पटना कोचिंग फायरिंग मामले में पुलिस का क्या बयान है?
पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर पर फायरिंग मामले में पुलिस के बयान पर भी सवाल उठ रहे हैं। पटना पुलिस ने 2 जून के बयान में गोलीबारी की बात से इनकार किया था। 4 जून को जब फायरिंग का वीडियो सामने आया, तो पुलिस ने उसमें दिख रहे खान सर के दोनों गार्ड को गिरफ्तार कर लिया। दूसरी एफआईआर में फायरिंग की पुष्टि पुलिस ने कर दी। खान सर और उनके दोनों गार्ड को आरोपी बनाया गया।
क्या खान सर भी अरेस्ट हो सकते हैं?
दोनों गार्ड के कबूलनामे के बाद कदमकुआं थाने में खान सर उर्फ फैजल खान के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज है। उन पर हत्या का प्रयास और आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज हुआ है। उन पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। अगर खान सर कोर्ट का रुख करते हैं और उन्हें वहां से कोई राहत नहीं मिलती है, तो गिरफ्तारी तय है।
ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद क्यों गिरफ्तार हुए?
2 जून की रात खान एकेडमी के बाहर तोड़फोड़, पथराव एवं गार्ड से मारपीट की गई थी। इसका सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया था। खान एकेडमी के मैनेजर ने ज्ञान बिंदु एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद समेत अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके बाद 3 जून को पुलिस ने रौशन सर समेत 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया था।

More Stories
डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी का नमन, बोले- उनके आदर्श हमेशा दिखाएंगे राष्ट्रनिर्माण की राह
PM National Child Award 2026: देशभर के प्रतिभाशाली बच्चों के लिए सुनहरा मौका, 31 जुलाई तक करें आवेदन
छत्तीसगढ़ में IFS अधिकारियों का बड़ा फेरबदल, वन विभाग में 5 अफसरों के तबादले; रिटायरमेंट से पहले प्रशासनिक बदलाव