July 30, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

दुर्ग में एक ही परिवार के 4 सदस्यों की संदिग्ध मौत, आत्महत्या या साजिश की आशंका

दुर्ग। दुर्ग जिले के आर्य नगर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दंपती ने पहले अपने दो मासूम बच्चों की हत्या की और उसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

दरअसल, दुर्ग के आर्य नगर इलाके में रहने वाले गोविंद साहू शेयर मार्केट में काम करता था, जबकि पत्नी गृहिणी थी।  परिवार एक निजी मकान में रहता था और संयुक्त परिवार में तीनों भाई साथ रहते थे। लेकिन आज सुबह चार सदस्यों की मौत से हड़कंप मच गया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जब देख तो ति-पत्नी के शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटके मिले, जबकि दोनों बच्चे बेड पर मृत अवस्था में पड़े थे। बच्चों के गले पर निशान मिलने की बात सामने आई है।

मृतकों की पहचान गोविंद साहू (45 वर्ष), उनकी पत्नी चंचल साहू (40 वर्ष), बेटे यशांत साहू (11 वर्ष) और बेटी दृष्णा साहू (13 वर्ष) के रूप में हुई है। आशंका जताई जा रही है कि, बच्चों को पहले नींद का इंजेक्शन दिया गया और बाद में दोनों ने फांसी लगाई। वहीं मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें आर्थिक तंगी और पारिवारिक विवाद का जिक्र किया गया है। पुलिस इस नोट की जांच कर रही है।

इस मामले में एएसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि, सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल समेत अन्य अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस नोट की जांच कर रही है और पूरे मामले की हर पहलू से पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।