May 16, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

सरायपाली में PDS चावल की बड़ी हेराफेरी : फिल्मी अंदाज में पकड़ाया 2700 किलो सरकारी राशन

चंद्रहास प्रधान का नाम आया सामने..

सरायपाली// अविनाश साहू :

क्षेत्र में सरकारी राशन (PDS) के चांवल की अवैध रूप से हेराफेरी और कालाबाजारी का एक बड़ा मामला सामने आया है।

अनुविभागीय अधिकारी (SDM) सरायपाली के निर्देश पर राजस्व और खाद्य विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 2700 किलोग्राम अवैध PDS चावल जब्त किया है। बिना किसी वैध दस्तावेज के परिवहन कर रहे ट्रैक्टर को पुलिस थाने के सुपुर्द कर दिया गया है।

घटना आज सुबह लगभग 10 बजे की है। ग्राम केना से एक ट्रैक्टर में भारी मात्रा में PDS का चावल लोड कर बिक्री के लिए राइस मिल ले जाया जा रहा था। इस दौरान रास्ता भटकने पर ट्रैक्टर के अनजान ड्राइवर ने फिल्मी अंदाज में लोगों से सरायपाली का रास्ता पूछा। ड्राइवर की संदिग्ध गतिविधियों को देखकर जब उससे पूछताछ की गई, तो मामले का भंडाफोड़ हुआ।


पूछताछ में ड्राइवर ने खुलासा किया कि जब्त किया गया चावल क्षेत्र के एक कथित धान तस्कर चंद्रहास प्रधान का है। हालांकि, ड्राइवर ने स्वयं को इस अवैध धंधे से अनभिज्ञ बताया। उसने यह भी जानकारी दी कि उसके पीछे धान से भरी एक पिकअप वाहन भी आ रही है, जिसका चालक ही यह बताने वाला था कि इस चावल की डिलीवरी वास्तव में कहां करनी है।

मामले की सूचना मिलते ही सरायपाली प्रभारी SDM मनोज खांडे ने सख्त रुख अख्तियार किया। SDM के आदेश पर तहसीलदार श्रीधर पंडा और खाद्य निरीक्षक अविनाश दुबे एवं विभाग के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने गवाहों की उपस्थिति में मौके पर ही पंचनामा तैयार किया और 2700 किलो चावल को खाद्य अधिकारी की न्यायिक अभिरक्षा में सौंप दिया।

परिवहन में प्रयुक्त ट्रैक्टर के पास कोई भी वैध कागजात नहीं पाए जाने के कारण उसे सरायपाली पुलिस थाने के सुपुर्द कर दिया गया है।

“गरीबों के हक के PDS चावल की अवैध खरीदी-बिक्री और कालाबाजारी को क्षेत्र में किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले में आगे की जांच और वैधानिक कार्यवाही तेजी से जारी है..!!

मनोज खांडे प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी सरायपाली