उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले से चौंकाने वाली घटना सामने आई है, यहां बारात में बज रहे तेज डीजे की वजह से पास स्थित एक पोल्ट्री फार्म में 140 मुर्गियों की मौत हो गई। एक पोल्ट्री फॉर्म मालिक ने शादी समारोह में डीजे के तेज शोर से अपनी 140 मुर्गियों की मौत होने का दावा करते हुए इस संबंध में मुकदम दर्ज कराया है। पुलिस ने डीजे संचालक के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद अब पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों ने दर्ज रिपोर्ट के हवाले से बुधवार को बताया कि बल्दीराय थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव निवासी पोल्ट्री फार्म संचालक साबिर ने आरोप लगाया है कि 25 अप्रैल की रात बब्बन विश्वकर्मा की बेटी की बारात जब उसके फार्म के पास से गुजरी, तो उसमें बज रहे डीजे की अत्यधिक तेज आवाज के कारण फार्म में पाली जा रही 140 मुर्गियों की मौत हो गई। साबिर का आरोप है कि डीजे का शोर इतना अधिक था कि मुर्गियां दहशत में आ गईं, जिससे उनकी जान चली गई। आरोप है कि डीजे की तेज आवाज को कम करने के लिए कहा गया पर किसी ने सुनी। झगड़ा करने को अमादा हो गए। बारात में कुछ लोग नशे में थे। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने साबिर की तहरीर पर डीजे संचालक कवि यादव के खिलाफ मंगलवार रात मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बल्दीराय थाना प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह ने भाषा को बताया कि यह जांच की जा रही है कि क्या डीजे निर्धारित ध्वनि मानकों से अधिक शोर कर रहा था। विशेषज्ञों का कहना है कि अत्यधिक तेज ध्वनि तरंगों से पक्षियों और जानवरों में घबराहट या हृदयाघात की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, जो इस मामले में मुर्गियों की मौत का संभावित कारण हो सकता है।

More Stories
बोर्ड परीक्षा के रिजल्ट को लेकर आया फर्जी कॉल तो हो जाएं सावधान, अंक बढ़ाने के नाम पर मांगे जा रहे पैसे
मुख्यमंत्री निवास में हरेली की धूम: राउत नाचा पर थिरके मंत्री, गांव जैसा दिखा CM हाउस
क्या होता है एनालॉग पनीर? महाराष्ट्र में क्यों लगा बैन, असली पनीर से कितना अलग और सेहत पर क्या असर?