April 28, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

मुल्लांपुर की पिच पर बल्लेबाजों का दबदबा, गेंदबाजों के लिए चुनौती

आज पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) और राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के बीच आईपीएल 2026 का 40वां मैच खेला जाना है। दोनों टीमों की शाम साढ़े सात बजे से मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में टक्कर होगी। टॉस सात बजे होगा। श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली पंजाब टीम जीत के रथ पर सवार है। उसने पिछले मैच में दिल्ली कैपिटल्स के सामने 265 रनों का ऐतिहासिक टारगेट चेज किया था। पीबीकेएस सात मैचों में से 6 जीतकर अंक तालिका में शीर्ष पर काबिज है। उसका एक मैच बारिश की भेंट चढ़ा था। रियान पराग की कप्तानी वाली राजस्थान टीम तालिका में चौथे नंबर पर है। उसने आठ मैचों में से पांच जीते हैं। आरआर को पिछले मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के हाथों हार मिली थी। आरआर के लिए पीबीकेएस के विजय रथ को आसान नहीं होगा। आइए, एक नजर पंजाब किंग्स बनाम राजस्थान रॉयल्स पिच रिपोर्ट पर डालते हैं।

PBKS vs RR पिच रिपोर्ट

पंजाब किंग्स मंगलवार को मुल्लांपुर के मैदान पर सीजन में चौथा और अपना आखिरी मैच खेलेगी। पंजाब टीम को अपने आखिरी तीन घरेलू मैच धर्मशाला में खेलने हैं। महाराजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम की पिच आमतौर पर बैटिंग फ्रेंडली होती है। यहां स्कोर अक्सर 200 रन के पार जाता है। आज भी बल्लेबाजों को गदर काटने की संभावना है। यहां अच्छा बाउंस और पेस मिलती है, जिससे बल्लेबाजों को शॉट खेलने में दिक्कत नहीं होती। मौजूदा सीजन में पहली पारी का औसत स्कोर 212 रहा है। ऐसे में एक और हाई स्कोरिंग मैच देखने को मिल सकता है। हालांकि, गेंदबाजों को प्रभाव छोड़ने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। आज मैच के दौरान बारिश की संभावना है। मैच में थोड़ी रुकावट आ सकती है।

IPL 2026 News in Hindi – आईपीएल 2026 न्यूज़,आईपीएल समाचार

मुल्लांपुर स्टेडियम आईपीएल रिकॉर्ड

मैच- 14

पहले बैटिंग करते हुए जीते गए मैच- 7 (50.00%)

टारगेट का पीछा करते हुए जीते गए मैच- 7 (50.00%)

टॉस जीतकर जीते गए मैच- 9 (64.29%)

टॉस हारकर जीते गए मैच- 5 (35.71%)

हाईएस्ट स्कोर- 254/7

लोएस्ट स्कोर- 95

हाईएस्ट स्कोर इन चेज- 223/4

पहले बल्लेबाजी करते हुए औसत स्कोर- 172.23

औसत रन प्रति विकेट- 25.49

औसत रन प्रति ओवर- 9.15

पंजाब बनाम राजस्थान हेड-टू-हेड

पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स का आईपीएल में अब तक 30 बार आमना-सामना हुआ है। इस दौरान राजस्थान का पलड़ा भारी रहा। आरआर ने 17 जबकि पीबीकेएस ने 13 मैचों में जीत हासिल की। दोनों टीमों की बीच मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने का कारनामा संजू सैमसन (21 मुकाबलों में 690) ने किया, जो अब चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा हैं। अर्शदीप सिंह पंजाब बनाम राजस्थान मुकाबलों में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। पंजाब टीम का हिस्सा तेज गेंदबाज अर्शदीप ने आरआर के खिलाफ 11 मैचों में 18 शिकार किए।