August 16, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

जंगल की आग ने एक किसान का आशियाना जला डाला, वन विभाग की लापरवाही ने बढ़ाई पीड़ा!

पखांजूर। कांकेर जिले के बांदे वन परिक्षेत्र के नीड़दे गांव में जंगल में लगी आग ने एक किसान का घर जलाकर राख कर दिया। आग की लपटें जंगल से होते हुए खेत तक पहुंच गईं और खेत में बने किसान के घर को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में पूरा घर जलकर खाक हो गया।

खेत में खाद डालने गया था किसान
बताया जा रहा है कि, किसान महेश अचला अपने मक्का के खेत में खाद डालने गया हुआ था, इसी दौरान जंगल में लगी आग तेजी से फैलते हुए घर तक पहुंच गई। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि तो नहीं हुई, लेकिन परिवार की पूरी गृहस्थी आग में जलकर खत्म हो गई। पीड़ित परिवार में पति-पत्नी और तीन बच्चे शामिल हैं। आग में करीब 15 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, बच्चों की मार्कशीट, गाड़ी के दस्तावेज सहित घर का सारा सामान जलकर खाक हो गया।

बुने के लिए पहुंचे वन कर्मी
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि, जंगल में आग लगने की सूचना के बावजूद वन विभाग का कोई भी कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। ग्रामीणों का कहना है कि, अगर समय पर विभाग कार्रवाई करता तो आग पर काबू पाया जा सकता था और किसान का घर बचाया जा सकता था। फिलहाल पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है और प्रशासन से मदद की उम्मीद लगाए बैठा है।