June 25, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

NZ vs PAK T20 World Cup 2026: पाकिस्तान ने टॉस जीतकर चुनी बल्लेबाजी, सुपर-8 में हाई-वोल्टेज जंग शुरू

NZ vs PAK T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण के पहले और टूर्नामेंट के 41वें मुकाबले में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने हैं। श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में खेले जा रहे इस मुकाबले में पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है।

बता दें कि पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच सुपर-8 चरण का यह मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में शाम 7 बजे से शुरू होगा। मुकाबले से पहले आइए पिच रिपोर्ट, दोनों टीमों के हेड टू हेड आँकड़े और प्लेइंग 11 समेत मैच से जुड़ी सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।

टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का पलड़ा न्यूजीलैंड पर भारी

टी20 विश्व कप इतिहास में पाकिस्तान का पलड़ा न्यूजीलैंड पर भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 7 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें पाकिस्तान ने 5 में जीत दर्ज की है, जबकि न्यूजीलैंड को 2 मैचों में सफलता मिली है।

दोनों के बीच आखिरी टी20 विश्व कप मुकाबला 2022 में हुआ था, जहां पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया था। ऐसे में कीवी टीम इस बार बदला चुकाने के इरादे से उतरेगी।

ओवरऑल टी20 रिकॉर्ड में कांटे की टक्कर

ओवरऑल टी20 रिकॉर्ड पर नजर डालें तो मुकाबला काफी संतुलित है। अब तक खेले गए 49 टी20 मैचों में पाकिस्तान ने 24 और न्यूजीलैंड ने 23 मुकाबले जीते हैं। हालांकि न्यूट्रल वेन्यू पर पाकिस्तान का रिकॉर्ड ज्यादा प्रभावशाली रहा है। ऐसे 14 मुकाबलों में से 11 में पाकिस्तान ने जीत दर्ज की है। यह आंकड़ा न्यूजीलैंड के लिए चिंता का विषय बन सकता है।

ग्रुप स्टेज में दोनों का प्रदर्शन

टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप चरण में दोनों टीमों का प्रदर्शन लगभग समान रहा। न्यूजीलैंड ने 4 में से 3 मैच जीते, जबकि उसे एकमात्र हार दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली। पाकिस्तान ने भी 4 में से 3 मैच जीते और उसकी एकमात्र हार भारत के खिलाफ रही। दोनों टीमें आत्मविश्वास के साथ सुपर-8 में पहुंची हैं। अब असली परीक्षा शुरू हो रही है।

आर. प्रेमदासा स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम की पिच स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। नई गेंद के साथ शुरुआती ओवरों में बल्लेबाजों को शॉट खेलने में ज्यादा दिक्कत नहीं होती और गेंद बल्ले पर ठीक-ठाक आती है।

हालांकि जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है और गेंद अपनी चमक खोने लगती है, मिडिल ओवर्स में स्पिनरों को जबरदस्त मदद मिलने लगती है। पिच धीरे-धीरे धीमी होती जाती है, जिससे बल्लेबाजों के लिए रन बनाना चुनौतीपूर्ण हो जाता है।

इस विकेट पर 160 से ऊपर का स्कोर अक्सर प्रतिस्पर्धी माना जाता है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी कर बड़ा स्कोर खड़ा करने की रणनीति अपना सकती है।

सुपर-8 के इस पहले मुकाबले में रणनीति, संयम और परिस्थितियों के अनुरूप खेल ही जीत की कुंजी साबित होगा। क्रिकेट प्रेमियों की नजरें अब इस हाई-वोल्टेज टक्कर पर टिकी हैं।

पाकिस्तान और न्यूजीलैंड दोनों टीमों की प्लेइंग-11

पाकिस्तान:
साहिबज़ादा फ़रहान, सैम अयूब, सलमान आगा (कप्तान), बाबर आज़म, फ़ख़र ज़मान, उस्मान खान (विकेट कीपर), शादाब खान, मोहम्मद नवाज़, फ़हीम अशरफ़, सलमान मिर्ज़ा, उस्मान तारिक

न्यूजीलैंड :
टिम सीफर्ट (विकेट कीपर), फिन एलन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिशेल, मिशेल सेंटनर (कप्तान), जेम्स नीशम, मैट हेनरी, ईश सोढ़ी, लॉकी फर्ग्यूसन

कहां देख सकेंगे लाइव मैच?

पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच सुपर-8 चरण के इस मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जा रहा है। टीवी दर्शक स्टार स्पोर्ट्स के विभिन्न चैनलों पर मैच लाइव देख सकते हैं। यहां अलग-अलग भाषाओं में कमेंट्री का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा, जिससे आप अपनी पसंद की भाषा चुन सकते हैं।

मोबाइल या ऑनलाइन स्ट्रीमिंग के लिए मैच जियो हॉटस्टार ऐप पर उपलब्ध होगा। यदि आपके फोन में ऐप नहीं है तो इसे डाउनलोड करना होगा, और पहले से इंस्टॉल है तो अपडेट कर लें ताकि बिना रुकावट मैच देख सकें।