April 17, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

सीएम मोहन यादव आज 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों को 1836 करोड़ की राशि देंगे

भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शनिवार को खंडवा जिले के पंधाना से प्रदेश की 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में 1836 करोड़ रुपये की राशि अंतरित करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री 600 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण- भूमिपूजन भी करेंगे।

जिला कार्यक्रम अधिकारी रत्ना शर्मा ने बताया कि पंधाना में “मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना” के तहत शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव योजना की हितग्राहियों के खाते में सिंगल क्लिक के माध्यम से माह फरवरी 2026 की राशि ट्रांसफर करेंगे। प्रदेश की लगभग 1.25 करोड़ बहनों के खातों में 1800 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की जाएगी। योजना में अब तक लाड़ली बहनों को 52,304 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की गई है।

जनसम्पर्क अधिकारी बृजेंद्र शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव 255 करोड़ रुपये लागत के विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं 354 करोड़ रुपये 11 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। विशिष्ठ रूप से मुख्यमंत्री डॉ. यादव 252 करोड़ रुपये लागत से निर्मित होने वाली खण्डवा नगर निगम की सीवरेज परियोजना, 2.90 करोड़ रुपये लागत से निर्मित होने वाले पंधाना बस स्टैण्ड, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स एवं रैन बसेरा के निर्माण कार्य का भूमि-पूजन करेंगे।