April 20, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

पश्चिमी विक्षोभ के असर से छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम, इन जिलों में होगी बारिश

रायपुर, छत्तीसगढ़ का मौसम बदलने वाला है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के उत्तरी हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार सरगुजा संभाग के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार उत्तरी छत्तीसगढ़ में आगामी तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना हैं। वहीं रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग के जिलों में न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।

बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 11 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी रायपुर और आसपास के इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि रायपुर में दिन का तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान लगभग 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। वहीं बलरामपुर, कोरिया और जशपुर जिलों में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। हालांकि मौसम पूरी तरह बिगड़ने के आसार नहीं हैं, लेकिन आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार वर्तमान में तीन अलग-अलग सिनोप्टिक सिस्टम सक्रिय हैं, जिनके चलते मौसम में यह उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। पहला, पश्चिमी विक्षोभ ऊपरी वायुमंडल में लगभग पांच से छह किलोमीटर की ऊंचाई पर सक्रिय है, जो बादल बनने और वातावरण में नमी बढ़ाने का कारण बन रहा है।

दूसरा, उत्तर भारत के ऊपर 12 से 13 किलोमीटर की ऊंचाई पर तेज रफ्तार जेट स्ट्रीम बह रही है, जिसकी गति लगभग 125 नॉट आंकी गई है। ये तेज हवाएं मौसम प्रणालियों को तेजी से आगे बढ़ाने और अचानक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।

मौसम विभाग का अनुमान है कि 30 जनवरी की रात से एक और नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत में प्रवेश कर सकता है, जिससे मौजूदा मौसमी गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है।