रायपुर, रायपुर के अभनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केंद्री में आयोजित मड़ई मेला के बाद मंगलवार रात हिंसक वारदात हो गई। मामूली विवाद ने देखते ही देखते गैंगवार का रूप ले लिया, जिसमें चाकूबाजी और कार से कुचलने की कोशिश के दौरान एक युवकों की मौत हो गई, जबकि दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, 14 जनवरी की रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच मेला देखकर लौट रहे अभनपुर निवासी हेमंत साहू, कैलाश तिवारी और अजय गोंड एनएचएआई ऑफिस के सामने एक्टिवा स्कूटी से खड़े थे। इसी दौरान रायपुर से मेला देखने आए दिलेश मंडावी, चंदन यादव और नीलेश सेन अपनी इनोवा क्रिस्टा से अभनपुर ढाबा जा रहे थे।
सड़क पर धूल उड़ाने और रॉन्ग साइड वाहन चलाने को लेकर दोनों पक्षों में गाली-गलौच शुरू हुई, जो जल्द ही विवाद में बदल गई। आरोप है कि स्कूटी सवार युवकों में से एक ने इनोवा सवारों पर चाकू से हमला कर दिया, जिसमें दिलेश मंडावी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल दिलेश मंडावी अपने साथियों चंद्रशेखर साहू, दुर्गेश साहू, रिंकू साहू और मनीष साहू को बुलाने पहुंचा। इसके बाद दोनों गुटों में दोबारा जमकर मारपीट हुई। इसी दौरान इलाज के लिए निकलते समय इनोवा सवार युवकों ने कैलाश तिवारी को कार से टक्कर मारकर कुचलने का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल कैलाश को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका, जिससे उपचार के अभाव में उसकी मौत हो गई।
वहीं, चाकूबाजी में घायल हेमंत साहू किसी तरह पास के पेट्रोल पंप पहुंचा और 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अभनपुर अस्पताल में भर्ती कराया। बुधवार सुबह कैलाश तिवारी का शव सड़क किनारे पड़ा मिला, जिसे एफएसएल टीम द्वारा निरीक्षण और फोटो-वीडियोग्राफी के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि घायल दिलेश मंडावी की शिकायत पर चाकूबाजी करने वाले युवकों के खिलाफ थाना अभनपुर में अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

More Stories
मल्हार नगर पंचायत में सत्ता का अहंकार: अध्यक्ष ने उपाध्यक्ष को थप्पड़ मारा, CMO से बदसलूकी का वीडियो भी वायरल!
छत्तीसगढ़ के शासकीय महाविद्यालयों में 700 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू, यहां देखें पूरी डिटेल
दुर्ग में अफीम की खेती मामले में बड़ी कार्रवाई, कृषि विस्तार अधिकारी निलंबित, पटवारी और सर्वेयर पर गाज