दरवाजा बंद कर बच्ची को दांतों से बर्बरता पूर्वक काटा!
धरमजयगढ़/दि बीबीसी लाइव/असलम खान :
शिक्षक दिवस के अवसर पर धरमजयगढ़ के शासन से अनुदान प्राप्त व सीबीएसई बोर्ड से सम्बद्ध उर्सुलाइन इंग्लिश मीडियम स्कूल में एक अविश्वसनीय और हृदय विदारक घटना सामने आई है। जहां एक ओर स्कूल में शिक्षक दिवस मनाया जा रहा था, उसी दौरान नर्सरी क्लास के एक बालक ने एक बच्ची को क्लास में दौड़ा दौड़ा कर दांतो से बुरी तरीके से काटा।
प्रबंधन द्वारा बताया जा रहा है कि इस दौरान बच्चे ने क्लास रूम का दरवाजा भी अंदर से बन्द कर दिया था।
इस घटना में पीड़ित मासूम बच्ची को शरीर के कई हिस्से में चोटें आईं हैं। वहीं इस मामले में बच्ची के पिता की शिकायत पर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
पालक ने प्रबंधन पर गम्भीर आरोप लगाते हुए इस आशय की शिकायत स्थानीय प्रशासन व विभागीय अधिकारी से करते हुए जांच की मांग की है।
उन्होंने प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए बच्चों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जाहिर की और पालकों को आश्वस्त किए जाने को लेकर प्रबंधन से लिखित में जवाब मांगा है।
इधर घटना की सूचना पर तत्काल विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
इस संबंध में स्कूल के प्रिंसिपल ने बताया कि घटना के दिन स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बच्चों को लंच के बाद कार्यक्रम स्थल पर लाया गया।
कुछ बच्चे क्लास रूम में लंच कर रहे थे।
इस दौरान एक बच्ची व एक बालक जो नर्सरी में अलग अलग सेक्शन में पढ़ते हैं, क्लास रूम में थे। उसी समय बालक ने क्लासरूम का दरवाजा अंदर से बन्द कर दिया और बच्ची को कई जगहों पर दांतों से काटने लगा। जैसे ही इसकी जानकारी प्राप्त हुई तो स्टॉफ ने दूसरे दरवाजे से अंदर जाकर बच्ची को बचाया।
उन्होंने कक्षा शिक्षक व अन्य संबंधित स्टाफ पर लापरवाही का ठीकरा फोड़ते हुए और अपना पल्ला झाड़ते हुए कहा कि इस मामले में उनकी गलती नहीं है।
उन्होंने कहा कि उनके स्टॉफ ने घटना की जानकारी भी तत्काल उन्हें नहीं दी।
स्कूल की प्रिंसीपल ने बताया कि स्कूल कमेटी की मीटिंग बुलाई गई है। साथ ही बालक के परिजनों को बुलाया गया है लेकिन वे अब तक नहीं आए हैं। उन्होंने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि विभाग के अधिकारी जांच के लिए स्कूल आए थे।
उन्होंने बताया कि स्कूल में फिलहाल कुल 906 बच्चे अध्ययन कर रहे हैं। वहीं स्कूल में कुल स्टॉफ की संख्या 42 है जिसमें से 36 टीचिंग स्टॉफ हैं। प्राचार्य से बातचीत के दौरान स्थानीय पत्रकारों की नजर कार्यालय में लगे सीसीटीवी पर पड़ी, जो फिलहाल नियमित रूप से काम नहीं कर रहा है। इस संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से सीसीटीवी में समस्या है। उन्होंने बताया कि बालक ने ऐसा कृत्य किस वजह से किया इसके बारे में कोई भी तथ्य अब तक सामने नहीं आ पाया है।
यह पूरा मामला नगर में चर्चा का विषय बना हुआ है, वहीं नगर के प्रबुद्ध जन इस घटना और विद्यालय प्रबंधन की घोर निन्दा कर रहे हैं।
बहरहाल कार्यक्रम के दौरान हुई इस गंभीर घटना से स्कूल प्रबंधन पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल स्कूल प्रबंधन की ओर से इस मामले में किसी भी प्रकार की ऑफिशियल कार्रवाई नहीं की गई है।
इस मामले पर धरमजयगढ़ बीईओ एस आर सिदार ने कहा कि वे अन्य विभागीय कार्य में व्यस्त हैं, एबीईओ रवि सारथी के द्वारा इस मामले की जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

More Stories
कोयला लेवी स्कैम: IAS अधिकारी समीर विश्नोई की 20 करोड़ की संपत्ति जब्त, पत्नी के नाम पर किया था घोटाला!
दुर्ग में B.Ed छात्रा की हत्या: प्रेम संबंधों में तनाव से उठा खौफनाक कदम
कृषि अधिकारी ने पत्रकार और वकील से की मारपीट, VIDEO हुआ वायरल: पुलिस ने शुरू की जांच