June 12, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

हैदराबाद में लगा दुनिया का पहला रियल टाइम Gold ATM, कैसे काम करता है?

गोल्ड एटीएम का इस्तेमाल करना आसान है और यह 24×7 उपलब्ध है. आप अपने बजट के हिसाब से सोना खरीद सकते हैं. गोल्ड एटीएम के जरिए लोग अपने डेबिट और क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करके सोना खरीद सकते हैं.
अब तक आपने ATM से कैश निकाला होगा. कुछ जगहों पर वॉटर एटीएम भी देखें होंगे. लेकिन अब आप एटीएम से कैश के बजाय सीधे सोने के सिक्के निकाल सकते हैं.

हैदराबाद में दुनिया का पहला रियल टाइम गोल्ड एटीएम (Real Time Gold ATM) लगाया गया है. इस एटीएम से सोने के सिक्के निकाले जा सकते हैं. सोना खरीदने और बेचने का कारोबार करने वाली कंपनी गोल्डसिक्का ने इस एटीएम को लगाया है. कंपनी का कहना है कि इस एटीएम से 0.5 ग्राम से लेकर 100 ग्राम तक के सिक्के निकाले जा सकते हैं.

गोल्डसिक्का प्राइवेट लिमिटेड ने 3 दिसंबर को हैदराबाद स्थित स्टार्टअप कंपनी M/s OpenCube Technologies Pvt Ltd के तकनीकी समर्थन के साथ अपना पहला गोल्ड एटीएम लॉन्च किया. कंपनी का कहना है कि लोग सोने में निवेश कर रहे हैं और सोने की मांग बढ़ रही है. इसे देखते हुए यह गोल्ड एटीएम लगाया गया है. इसके जरिए लोगों को अब शुद्ध सोना आसानी से उपलब्ध हो रहा है.

गोल्ड एटीएम का इस्तेमाल करना आसान है और यह 24×7 उपलब्ध है. आप अपने बजट के हिसाब से सोना खरीद सकते हैं. गोल्ड एटीएम के जरिए लोग अपने डेबिट और क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करके सोना खरीद सकते हैं.
Gold ATM से ऐसे मिलेंगे सोने के सिक्के

गोल्डसिक्का कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट प्रताप ने कहा कि गोल्डसिक्का लिमिटेड चार साल पुरानी कंपनी है. हम बुलियन ट्रेडिंग में शामिल हैं. हमारे सीईओ को एटीएम मशीन के माध्यम से सोने के सिक्के निकालने की एक नई अवधारणा मिली. थोड़ी खोजबीन करने के बाद हमें पता चला कि ऐसा संभव हो सकता है. हमने एक स्टार्टअप कंपनी ओपनक्यूब टेक्नोलॉजीज के साथ करार किया है. उन्होंने और हमारे इन-हाउस विभाग ने तकनीकी समर्थन के साथ इसे डिजाइन और विकसित किया है. प्रताप ने कहा कि इस एटीएम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इससे सोने के सिक्के निकलने के साथ-साथ सोने की कीमत लाइव अपडेट होती रहेगी. एटीएम के सेफ्टी फीचर्स के बारे में उन्होंने बताया कि एटीएम में बिल्ट-इन कैमरा और साउंड अलार्म सिस्टम है.

यह एटीएम गोल्डसिक्का के हेड ऑफिस अशोक रघुपति चेम्बर्स, प्रकाश नगर मेट्रो स्टेशन बेगमपेट में लगाया गया है. गोल्ड एटीएम की क्षमता पांच किलो सोना रखने की है. इसमें 0.5 ग्राम से लेकर 100 ग्राम तक के सोने की मात्रा के लिए आठ विकल्प उपलब्ध हैं. इसमें 0.5 ग्राम, 1 ग्राम, 2 ग्राम, 5 ग्राम, 10 ग्राम, 20 ग्राम, 50 ग्राम और 100 ग्राम के विकल्प उपलब्ध हैं. कंपनी का दावा है कि गोल्ड एटीएम से निकलने वाले सिक्के 24 कैरेट सोने और 999 प्रमाणित हैं. इसकी स्क्रीन पर सोने की लाइव कीमत भी दिखेगी.

प्रताप ने आगे बताया कि हम हैदराबाद में हवाई अड्डे, पुराने शहर, अमीरपेट और कुकटपल्ली में अगली 3-4 मशीनों की योजना बना रहे हैं. करीमनगर और वारंगल से भी ऑर्डर मिले हैं. पहले तेलंगाना पर ध्यान दे रहे हैं क्योंकि बंगारू तेलंगाना की अवधारणा पहले से ही मौजूद है. फिर दक्षिण भारत में कदम रखेंगे और समय के साथ देश भर में लगभग 3,000 एटीएम स्थापित करेंगे. ग्लोबल जाने की भी योजना बना रहे हैं. हम इस मशीन का दूसरा संस्करण भी लेकर आएंगे.