April 20, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

मिलावटी शराब का मामला आया सामने: सरकारी शराब दुकान का वीडियो वायरल, विभाग ने जांच के दिए आदेश

कोरबा। राजधानी रायपुर के बाद अब कोरबा जिले में भी मिलावटी शराब बेचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिले के सर्वमंगला स्थित आबकारी विभाग की कंपोजिट शराब दुकान में देशी शराब में पानी मिलाकर बेच जा रहा है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक सेल्समैन खुद यह स्वीकार करता नजर आ रहा है कि शराब में पानी मिलाया गया है। वायरल वीडियो के बाद विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

वायरल वीडियो में दिख रहा है कि एक ग्राहक शराब खरीदने के दौरान सवाल करता है, जिस पर दुकान में कार्यरत कर्मचारी साफ तौर पर कहता है कि हां, इसमें पानी मिलाया गया है और खुद को महेंद्र सिंह नामक सेल्समैन बताता है। उसका यह कबूलनामा कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

इस संबंध में आबकारी विभाग की बीट प्रभारी विजिता रानू भगत ने बताया कि मामले को संज्ञान में लेकर जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।