गुजरात विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची सामने आते ही तनाव खड़ा होता दिख रहा है। खबर है कि पार्टी के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने प्रचार से दूरी बनाने का फैसला किया है। खबर है कि 40 प्रचारकों की सूची में उनका नाम शामिल नहीं है। हाल ही में उन्होंने पार्टी के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ा था, जिसमें वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
एक मीडिया रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि थरूर को कांग्रेस के छात्र संगठन ने प्रचार के लिए बुलाया था, लेकिन वह इससे अलग हो गए। हालांकि, कांग्रेस ने थरूर को दरकिनार किए जाने की बात से इनकार किया है। रिपोर्ट के अनुसार, पार्टी सूत्रों ने बताया, ‘थरूर पहले भी स्टार प्रचारकों की सूची में नहीं थे।
राहुल गुजरात में कर सकते हैं प्रचार
खबरें हैं कि ‘भारत जोड़ो’ यात्रा में व्यस्त कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और वायनाड सांसद राहुल गांधी गुजरात में प्रचार के लिए पहुंच सकते हैं। खास बात है कि उनका नाम हिमाचल प्रदेश के स्टार प्रचारकों की सूची में भी शामिल था, लेकिन वह अभियान में शामिल नहीं हुए थे।
ये नाम भी शामिल
भाषा के अनुसार, कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, अशोक गहलोत, भूपेश बघेल, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, दग्विजिय सिंह, कमलनाथ, सचिन पायलट, तारीक अनवर, बीके हरप्रिसाद, अशोक चव्हाण, शक्ति सिंह गोहिल, रघु शर्मा, मोहन प्रकाश सहित कई प्रमुख नेता शामिल हैं।
स्टार प्रचारकों की सूची में संचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा, भरत सिंह सोलंकी, उषा नायडू, कन्हैया कुमार, कांतिलाल भूरिया, इमरान प्रतापगढ़ी, अमरिंदर सिंह राजा बरार, अर्जुन मोधवाडिया, सिद्धार्थ पटेल आदि के नाम भी हैं
गुजरात चुनाव कार्यक्रम
182 सीटों वाली गुजरात विधानसभा के लिए दो चरण में मतदान होगा। भारत निर्वाचन आयोग की तरफ से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, पहले चरण का मतदान 1 दिसंबर को होगा। जबकि, 5 दिसंबर को दूसरे चरण के लिए वोट डाले जाएंगे। 8 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश और गुजरात चुनाव के लिए मतगणना साथ होगी। फिलहाल, दोनों राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है।

More Stories
विंग कमांडर विपुल यादव की आत्महत्या: पत्नी पर प्रताड़ना का आरोप, FIR दर्ज
BPCL कर्मचारी की संदिग्ध मौत, घर में मिला शव, कलाई की नस कटी हुई
मंत्री केदार कश्यप के ओएसडी बनाए गए शैलाभ साहू, राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी को मिली बड़ी जिम्मेदारी