April 17, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

मुंबई इंडियंस को कौन डाल सकता है मुश्किल में, वसीम जाफर ने बताया नाम

नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल 2023 के सीजन के लिए ऑस्ट्रेलिया के जेसन बेहरेनडॉर्फ मुंबई इंडियंस (एमआई) में लौट आए हैं। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर यानी आरसीबी ने रिटेंशन डे से पहले ट्रेड के जरिए उनको मुंबई के पास भेजने का विकल्प चुना। मुंबई इंडियंस ने 16वें सीजन से पहले कई स्टार खिलाड़ियों को रिलीज कर दिया। भारत के पूर्व टेस्ट ओपनर वसीम जाफर भी बेहरेनडॉर्फ के मुंबई पलटन में फिर से शामिल होने से खुश हैं, लेकिन उन्होंने पांच बार की आईपीएल चैंपियन टीम को नई चेतावनी भी दे दी है।  

बेहरेनडॉर्फ मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाजी आक्रमण में शामिल हो गए हैं, जिसमें प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और जोफ्रा आर्चर शामिल हैं। मुंबई स्थित फ्रेंचाइजी की नीलामी रणनीति के बारे में बात करते हुए पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज ने कहा कि वह वानखेड़े में बुमराह और आर्चर का पूरा साथ देंगे, लेकिन जाफर ने इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की उपलब्धता के बारे में भी चिंता व्यक्त की, जो चोट के कारण आईपीएल 2022 के पूरे सीजन में नहीं खेल पाए थे। 

वसीम जाफर ने क्रिकइंफो से कहा, “मुझे उम्मीद है कि जोफ्रा आर्चर फिट हैं। अगर वह उपलब्ध नहीं हैं तो उन्हें बड़ी परेशानी होगी। जसप्रीत बुमराह, आर्चर और जेसन बेहरेनडॉर्फ एक अच्छी तेज गेंदबाजी जोड़ी बना सकते हैं। आकाश मधवाल, मैं उन्हें उत्तराखंड से जानता हूं, वह अच्छा कर सकते हैं। उनकी ओर आप देख सकते हैं, लेकिन वे स्पिन विभाग में बहुत कमजोर हैं। ऋतिक शौकीन ने कुछ मैच जरूर खेले, लेकिन वह एक ऑफ स्पिनर की तरह हैं और अगर वे वानखेड़े में खेलते हैं तो वह ज्यादा कुछ नहीं कर पाएंगे। कुमार कार्तिकेय को भी कुछ मैच मिले और उन्होंने अच्छा काम किया।