नोएडा. नोएडा में एक सिरफिरे आशिक ने मंगलवार को हैवानियत की सभी हदें पार कर दीं. दोस्ती से इनकार करने पर युवक ने होशियारपुर बाजार की एक इमारत की चौथी मंजिल से धक्का देकर युवती की जान ले ली. फिर वह उसका शव लेकर भाग गया. आरोपी को मेरठ से शव के साथ गिरफ्तार कर लिया गया. सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के होशियारपुर गांव की 22 वर्षीय युवती शीतल होशियारपुर स्थित शर्मा मार्केट में एक इंश्योरेंस कंपनी में नौकरी करती थी. आरोप है कि गौरव नाम के युवक से उसकी तकरार हुई. इसके बाद गौरव ने एक इमारत की चौथी मंजिल से युवती को धक्का दे दिया. बाद में वह नीचे आया और खुद को युवती का भाई बताया. फिर शव लेकर वहां से भाग गया. परिजनों की सूचना पर पुलिस ने उसे मेरठ में कंकरखेड़ा के पास शव के साथ पकड़ लिया.
पुलिस से कई बार कर चुके थे सिरफिरे की शिकायत
युवती की हत्या कर शव ले जाने वाला सिरफिरा गौरव एकतरफा प्यार में उसके पीछे पड़ा हुआ था. उसने कई बार शीतल और उसके परिजनों के साथ अभद्रता की. मृतका शीतल के भाई सेंसर उर्फ सोनू के मुताबिक उसकी बहन और परिवार वाले गौरव की हरकतों से परेशान थे और पिछले चार माह में कई बार थाने और पुलिस चौकी में शिकायत कर चुके थे. फिर भी गौरव उनका पीछा नहीं छोड़ रहा था.
सोनू के अनुसार, बार-बार इनकार करने के बावजूद वह शीतल पर दोस्ती करने का दबाव बना रहा था. इनकार करने पर ही उसने चौथी मंजिल से धक्का देकर उसकी हत्या कर दी. साक्ष्य मिटाने के लिए वह लाश को बिजनौर स्थित अपने गांव में ठिकाने लगाने के लिए ले जा रहा था. गौरव ने कहा कि पिछले कुछ समय से शीतल उससे दूर जा रही थी. मंगलवार को भी उसने शीतल को दूसरे युवक के साथ देखा था. इस बात पर उनके बीच तकरार हुई. उसने सिर्फ शीतल का हाथ पकड़ने का प्रयास किया था, लेकिन वह नीचे गिर गई.
आरोपी का दावा, युवती के साथ शादी की थी
पुलिस हिरासत में गौरव ने दावा किया कि वह और शीतल एक-दूसरे से प्यार करते थे. दो साल पहले वह उसके साथ दिल्ली स्थित आर्य समाज मंदिर में शादी कर चुका है और उनकी शादी मैरिज ब्यूरो में भी रजिस्टर्ड है.

More Stories
छत्तीसगढ़ में मानसून की धमाकेदार एंट्री तय! अगले 24 घंटे में बारिश, अंधड़ और बिजली गिरने का अलर्ट जारी
रायपुरवासियों को बड़ी सौगात! आज से सड़कों पर दौड़ेंगी 8 नई मिनी सिटी बसें, रेलवे स्टेशन और ISBT पहुंचना होगा आसान
Gold Price Today: सोना-चांदी फिर हुए महंगे, खरीदारी से पहले देखें आपके शहर में क्या है नया रेट