April 20, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा की एमपी आगमन के पहले ही सियासत शुरू

भोपाल. सांसद राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा की एमपी आगमन के पहले ही सियासत शुरू हो गई है। यात्रा को लेकर राहुल गांधी बीजेपी नेताओं के निशाने पर है। यात्रा को लेकर बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधा है।

कैलाश विजवर्गीय ने कहा यात्रा चाहे जितनी भी ऐतिहासिक हो, कमलनाथ के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में कांग्रेस के ऐतिहासिक हार होगी। राहुल गांधी के मध्यप्रदेश में संतो के साथ नर्मदा स्नान पर कहा कि दक्षिण से गोल टोपी पहन कर चले हैं यहां आकर कुछ ना कुछ नाटक तो करेंगे ही। वहीं कमलनाथ के मंदिर मस्जिद के रोजगार वाले बयान पर विजयवर्गीय बोले कि -महाकाल लोक जाकर देखें कितने लोगों को रोजगार मिल रहा है। इसके बाद वो ऐसी बातें नही करेंगें।

इसी तरह जबलपुर के प्रभारी मंत्री गोपाल भार्गव ने भी भारत जोड़ो यात्रा पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मुर्दे को इंजेक्शन लगाने से उसमें जान नहीं आती। कांग्रेस पार्टी अब मुर्दा हो चुकी है। भारत जोड़ो यात्रा से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। लगातार आ रहे चुनाव के परिणाम कांग्रेस को जवाब देने के लिए काफी है।

भारत जोड़ो यात्रा को केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने अप्रासंगिक इवेंट बताया है। उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा पर कहा कि – आज जरूरत है देश में जो समस्या है उन सब पर बैठकर राजनैतिक दल बैठकर विचार करें। एक मत होकर उसके लिए काम करें। भारत जोड़ो यात्रा निकालने का सवाल उठता ही नहीं है। भारत आखिर टूट कहां रहा है।
नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने 8 साल में शानदार प्रगति की है। ये प्रगति अपने आप में अविस्मरणीय है। भारत जोड़ने की बात करना अपने आप में अप्रासंगिक है औचित्यहीन है।