April 28, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

करोड़ों की सरकारी जमीन का किया सौदा, मास्टर माइंड गिरफ्तार

अंबिकापुर। अंबिकापुर नगर के बहुचर्चित नमना कला स्थित पीजी कॉलेज के सामने शासकीय नजूल जमीन में कूटरचना कर निजी भूमि में दर्ज कराकर बिक्री करने वाले मास्टरमाइंड को गांधीनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। चार एकड़ से अधिक इस फर्जीवाड़ा मामले में तत्कालीन नजूल अधिकारी सहित आर आई, पटवारी व नजूल आफिस के बाबू पर एफआईआर दर्ज किया जा चुका है। पुलिस टीम द्वारा मामले के मास्टरमाइंड आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल एवं आरोपी के भाई की रजिस्ट्री के दस्तावेज एवं वर्तमान में उपयोग किया जा रहा मोबाइल जब्त किया गया है। आरोपी द्वारा बंशु का बैंक अकाउंट फॉर्म भरने सहित शासकीय भूमि के सम्बन्ध में तैयार आर. आई.पंचनामा में उसके द्वारा हस्ताक्षर किया गया था। मामले में आरोपी बंशु एवं उसका पुत्र रामकुमार पूर्व में जेल भेजे जा चुके हैं।

बहुचर्चित जमीन घोटाले में देव सिंह उईके नजूल अधिकारी अम्बिकापुर जिला-सरगुजा द्वारा 11 मार्च 2024 को थाना गांधीनगर उपस्थित आकर लिखित शिकायत आवेदन पत्र प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराये कि शिकायत कर्ता कमल सिंह पिता स्व. रामबाबू सिंह अम्बिकापुर जिला-सरगुजा के द्वारा 12 जनवरी 24 को कलेक्टर सरगुजा के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर ग्राम नमनाकला स्थित शासकीय नजूल की भूमि खसरानंबर 243/1 में से रकबा 1.710 हेक्टयर भूमि को फर्जी तरिके से नामांतरित कर करोड़ो रूपये की राशि हड़प कर भ्रष्टाचार किया गया है।