April 28, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

राहुल गांधी की आज भिंड में चुनावी जनसभा, शहर में ऐसी रहेगी यातायात व्‍यवस्‍था

भिंड। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी 30 अप्रैल को भिंड आएंगे। शहर के एमजेएस ग्राउंड में भिंड-दतिया लोकसभा प्रत्याशी फूल सिंह बरैया के समर्थन में वह जनसभा को संबोधित करेंगे। पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ मप्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित वरिष्ठ कांग्रेसी भी सभा में शामिल होंगे। 17वीं बटालियन में हेलीपेड बनाया गया है। वहीं कांग्रेस के कार्यक्रम को देखते हुए शहर का ट्रैफिक भी डायवर्ट किया गया है।

पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी मंगलवार की दोपहर 12.20 बजे हेलीपेड पहुंचेंगे। इसके बाद वह कार द्वारा दोपहर 12.30 बजे शहर के एमजेएस ग्राउंड में बनाए गए सभा स्थल पर पहुंचेगे। उनका कार्यक्रम करीब एक घंटे का है। इसके बाद दोपहर 1.30 बजे कार्यक्रम स्थल से ग्वालियर के लिए रवाना हो जाएंगे।

बतादें कि इससे पहले कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष वर्ष 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में भिंड सभा करने आए थे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर करीब 20 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। 17वीं बटालियन में दो हैलीपेड बनाए गए हैं। एक हैलीकाप्टर से पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आएंगे और दूसरे हेलीकाप्टर में मप्र कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार आएंगे।

सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेंगे 400 पुलिसकर्मी

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम को लेकर शहर के एमजेएस ग्राउंड में 60 बाई 28 वर्ग फीट का मंच, 25 हजार वर्ग फीट का डोम और 20 हजार वर्ग फीट का टेंट लगाया गया है।वहीं हेलीपेड से लेकर सभा स्थल तक सुरक्षा व्यवस्था में 400 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। हेलीपेड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक आठ डीएसपी, 20 टीआई, 30 एसआई सहित 300 जवान तैनात रहेंगे।

रिहर्सल के दौरान कमी मिलने पर लगाई फटकार

कांग्रेस के कार्यक्रम को देखते हुए सोमवार की सुबह 10 बजे एडवांस सिक्योरिटी लाइजिंग की बैठक हुई। इस बैठक में सीआरपीएफ के डिप्टी कामाडेंट धनंजय यादव, एडीएम एलके पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव पाठक, सीएसपी अरुण कुमार उइके, गोहद एसडीओ सौरभ कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। शाम के समय एएसपी संजीव पाठक के निर्देशन में हेलीपेड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक रिहर्सल की गई। रिहर्सल के दौरान खामियां मिलने पर एएसपी ने संबंधित पुलिसकर्मियों की फटकार लगाते हुए व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए।

इंदिरा गांधी चौराहे से एमजेएस की ओर वाहन ले जाने पर रोक

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन एवं प्रस्थान के दौरान 17वीं बटालियन के गेट क्रमांक एक से इंदिरा गांधी चौराह तक एवं इंदिरा गांधी चौराहे से एमजेएस तक सूर्पण मार्ग नो व्हीकल जोन रहेगी। लहार, ऊमरी की तरफ से आने वाले वाहन आइटीआइ रोड पर वाहन पार्क कर सकेंगे, मेहगांव, अमायन, भारौली की तरह से आने वाले वाहनों की पार्किंग पालिटेक्निक कालेज, फूफ की तरफ से आने वाली बसें दोपहर 12 बजे से पूर्व इंदिरागांधी चौराहा होते हुए भवानीपुरा रोड से एमजेएस कालेज के पीछे पार्किंग की जाएगी।