June 15, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

प्रॉपर्टी डीलर को दिनदहाड़े गोलियों से भूना, हत्या के बाद बाइक सवार हत्यारे भागे

बागपत, उत्तर प्रदेश में बागपत जिले के काेतवाली क्षेत्र के निवाड़ा गांव में बुधवार को बाइक सवार बदमाशों ने एक प्रापर्टी डीलर की गोली मार कर हत्या कर दी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि निरोजपुर गांव निवासी प्रापर्टी डीलर यूसुफ (46) आज सुबह करीब दस बजे घर से अपने दफ़्तर के लिए निकला था। निवाड़ा गांव स्थित दफ्तर में मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाश आए और उसके पास बैठ गए। उन्होंने उसको चाय बनाने के लिए कहा, जैसे ही वह चाय बनाने के लिए खड़ा हुआ तो दोनों बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। गोली लगते ही युसूफ वहीं पर गिर पड़ा। घटनास्थल पर ही उसने दम तोड़ दिया। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश वहां से दिल्ली रोड की तरफ फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनों से पूछताछ की। मृतक के छोटे भाई व समाजवादी पार्टी के युवा जिलाध्यक्ष काला विधूड़ी ने बताया कि प्रॉपर्टी को लेकर उसके भाई का कुछ लोगों से विवाद भी चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के चलते ही उसके भाई की हत्या की गई है। मृतक के दो गोली सीने पर व एक गोली सिर पर लगी है।