April 15, 2026

खबरों पर नजर हर पहर

ड्रोन का निशाना बना इजरायली जहाज, हूतियों पर हमले का शक, 20 भारतीय भी सवार

इजरायल से जुड़े एक जहाज को हिंद महासागर में ड्रोन द्वारा निशाना बनाया गया है। ब्रिटिश सेना के यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस और समुद्री सुरक्षा फर्म एम्ब्रे ने इस हमले की जानकारी दी है। जानकारी के मुताबिक इस व्यापारिक जहाज पर लाइबेरिया का झंडा लगा था और भारतीय तट के पास इसे निशाना बनाया गया है। हालांकि हमले में किसी के घायल होने या मरने की सूचना नहीं है। लेकिन जहाज कुछ नुकसान जरूर हुआ है।

बताया जाता है इस व्यापारिक जहाज के चालक दल में 20 की संख्या में भारतीय भी मौजूद थे। वैसे तो यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि इस हमले के पीछे कौन है, लेकिन यमन के हूतियों की भूमिका को लेकर शक जाहिर किया जा रहा है।

गुजरात के पास हमला
जानकारी के मुताबिक यह हमला गुजरात के वेरावल तट से महज 200 नॉटिकल मील की दूरी पर अंजाम दिया गया। यह जहाज इजरायल से संबंधित है और भारत आ रहा था। हमले के बाद जहाज के अंदर कुछ टूट-फूट हुई थी जिसके बाद कुछ पानी भी गया था। भारत की तरफ निकलने से पहले ने आखिरी बार जहाज ने सऊदी अरब से संपर्क किया था। हमले के बाद मामले की जांच की जा रही है और जहाज को सावधानी बरतने का निर्देश भी दिया गया है।

हूतियों पर शक की जायज वजहें
इस मामले में हूतियों पर हमले की वजहें भी बिल्कुल जायज हैं। असल में कुछ ही दिन पहले यमन के हूती विद्रोहियों ने भारत आ रहे एक जहाज का अपहरण कर लिया था। हूती विद्रोही इजरायल के हमले का विरोध कर रहे हैं। इतना ही नहीं, हमास के समर्थन में हूती विद्रोही लगातार मिसाइल और ड्रोन अटैक कर रहे हैं। हूतियों ने खुला ऐलान कर रखा है कि वह इजरायल से जुड़े सभी व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाते रहेंगे। इसके चलते इन जहाजों को यह छोटा रास्ता छोड़कर अफ्रीका वाला रूट चुनना पड़ रहा है जो उनके लिए ज्यादा खर्चीला साबित हो रहा है।